
Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शपथ लेने के बाद मंत्रालय पहुंच कर पदभार ग्रहण किया. मुख्यमंत्री कार्यालय को नमन कर मुख्यमंत्री की कुर्सी पर आसीन हुए.
मुख्यमंत्री से मंत्रिमंडल के सदस्य मंत्री आलमगीर आलम, मंत्री रामेश्वर उरांव एवं मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने मुलाकात की. झारखंड मंत्रालय पहुंचने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का मुख्य सचिव डी के तिवारी व कैबिनेट सचिव अजय कुमार सिंह ने पुस्तक भेंट कर अभिनंदन किया.
इस मौके पर मंत्रालय में कार्यरत अधिकारी, पदाधिकारी व कर्मचारियों ने भी मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया.
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बिरसा चौक स्थित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया.
इसके पहले हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पत्नी के साथ खुद गाड़ी ड्राइव कर समारोह स्थल मोरहाबादी मैदान पहुंचे थे. इससे पहले भी अपने पहले के मुख्यमंत्री काल में गाड़ी चलाकर सचिवालय पहुंचते थे.
इसे भी पढ़ें : #CNT-SPT आंदोलन और पत्थलगड़ी मामले में दर्ज सभी केस वापस होंगे, हेमंत कैबिनेट की पहली बैठक में फैसला
सरकार सभी वर्गों-समुदायों के सर्वांगीण विकास के लिए काम करेगी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची के मोरहाबादी मैदान में झारखण्ड के 11वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड की सवा तीन करोड़ जनता के प्रति आभार जताया.
उन्होंने कहा कि हम सभी को साथ चल कर झारखंड को नित नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार सभी वर्गों और समुदायों के नागरिकों के सर्वांगीण विकास के लिए काम करेगी.
राज्य में अमन, चैन, शांति और समृद्धि का नया दौर शुरू होगा. उन्होंने कहा कि आपकी आकांक्षाओं और सपनों को पूरा करने की दिशा में नयी सरकार सदैव कार्य करेगी.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए लोगों के प्रति आभार जताया और कहा कि आप इस समारोह के साक्षी बने यह राज्य के लिए बहुत ही गौरवशाली क्षण रहा.
इसे भी पढ़ें : साल 2019 में हुई कई आपराधिक घटनाएं, जानिए इस वर्ष के चर्चित मामले
सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया
शपथ ग्रहण समारोह में झारखण्ड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन, रूपी सोरेन, राहुल गांधी, ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव, अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, शरद यादव, एमके स्टालिन, केसी वेणुगोपाल, आर पी एन सिंह, जीतन राम मांझी, रघुवर दास सहित देशभर से विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के कई गणमान्य नेता, सभी नव निर्वाचित विधायक, सांसदगण अन्य आगंतुक शामिल हुए.
सभी आगंतुकों ने शपथ ग्रहण के उपरांत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अपनी शुभकामनाएं और बधाई दी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया.
इसे भी पढ़ें : सरकार गठन बाद देखेंगे कि #NRC और #CAA राज्य हित में है या नहीं: हेमंत सोरेन




