
Mumbai: भारी बारिश से मायानगर मुंबई बेहाल है. रविवार देर रात से लगातार भारी बारिश हो रही है. और अगले 48 घंटों तक बारिश होने की चेतावनी जारी की गयी है. कई इलाकों में भारी जलभराव ने समस्याएं बढ़ा दी है.
मुंबई में पिछले 24 घंटों में 127 मिलीमीटर बारिश हुई है. वही पश्चिमी उपनगर में 170 मिलीमीटर और पूर्वी उपनगर में 197 मिलीमीटर बारिश हुई है. पिछले 24 घंटों में बारिश से जुड़े हादसों में चार लोगों की जान चली गयी है.
इसे भी पढ़ेंःPWD के अभियंता घनश्याम अग्रवाल को टाउन प्लानर बनाने के लिए विभाग ने छह माह में की तीन अनुशंसा
कुछ ट्रेन रद्द, कुछ डायवर्ट
भारी बारिश के कारण रेलवे ट्रेक भी पानी में डूब हुए हैं. पालघर में जल जमाव के कारण चार ट्रेनों को रद्द और पांच ट्रेनों को डायवर्ट कर दिया गया है.
इधर मौसम विभाग ने सोमवार को भी भारी बारिश की चेतावनी और हाई टाइड का अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के भारी बारिश के अनुमान को देखते हुए मध्य रेलवे ने मुंबई और पुणे के बीच चलने वाली कुछ पैसेंजर एवं एक्सप्रेस ट्रेनों को कैंसल कर दिया है.
वही मायानगर की लाइफलाइन मानेजाने वाली लोकल ट्रेन पर भी बारिश का असर पड़ा है.
इसे भी पढ़ेंःजम्मू-कश्मीरः किश्तवाड़ में गहरी खाई में बस गिरने से 24 यात्रियों की मौत, कई घायल
चार लोगों की मौत
पिछले 24 घंटों में बारिश से जुड़े हादसों में 4 लोगों की मौत हो गयी है. अंधेरी में करंट लगने से 60 साल की एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में करंट लगने से गोरेगांव में 2 लोगों की जान चली गई.
वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. ठाणे में भी करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत होने की खबर है. वही शहर में दीवार गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में पांच व्यक्ति घायल हो गये.
जलजमाव के कारण स्कूल और दफ्तर जाने वालों को भारी परेशानी हो रही है. बारिश ने बीएमसी के दावे की पोल खोल कर रख दी है. ये मुंबई की नियति है जहां बारिश होते ही जिंदगी डूबने-उतरने लगती है.
इसे भी पढ़ेंःधनबादः सड़क है या ईंट-गिट्टी-बालू स्टोर करने की जगह!




