
Ranchi: घरेलू नौकरानी सुनीता खाखा के साथ प्रताड़ना के आरोप में गिरफ्तार निलंबित भाजपा नेत्री व रिटायर्ड आईएएस की पत्नी सीमा पात्रा की जमानत याचिका पर स्पेशल जज एसटी /एससी की अदालत में गुरुवार को आंशिक सुनवाई हुई. मामले में कोर्ट ने अभियोजन पक्ष को केस डायरी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया. इससे पूर्व 29 सितंबर को भी कोर्ट ने मामले में पुलिस को केस डायरी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था, लेकिन गुरुवार को भी केस डायरी प्रस्तुत नहीं किया गया. जिसके बाद कोर्ट ने सीमा पात्रा की जमानत अर्जी पर सुनवाई के लिए 2 नवंबर की तिथि निर्धारित की. 27 सितंबर को सीमा पात्रा की ओर से अदालत में जमानत अर्जी दायर की गई थी . बता दें 31 अगस्त 2022 को सीमा पात्रा को घरेलू नौकरानी सुनीता खाखा के साथ प्रताड़ना के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. मामले को लेकर अरगोड़ा थाना में 22 अगस्त 2022 को कांड संख्या 285/2022 दर्ज किया गया था.
इसे भी पढ़ें: 36th NATIONAL GAMEs: लॉन बॉल और तीरंदाजी में झारखंड को मिला पदक, सुनील बहादुर ने दिलाया गोल्ड मेडल
मामले की सुनवाई अपर न्याययुक्त सह स्पेशल जज एसटी /एससी मनीष रंजन की कोर्ट में हुई. रांची पुलिस ने 31 अगस्त 2022 की सुबह सीमा पात्रा को उनके आवास से गिरफ्तार किया था. गिरफ्तार करने के बाद आईएएस की पत्नी सीमा पात्रा का सदर अस्पताल में मेडिकल चेकअप हुआ था. जहां पर मेडिकल रिपोर्ट सामान्य आई इसके अलावा सीमा पात्रा का कोविड टेस्ट भी हुआ था. इसके बाद उन्हें एसटी /एससी कोर्ट में प्रोड्यूस किया गया था, जहां से उन्हे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था.




