
Ranchi: इसी साल से झारखंड में तीन नये मेडिकल कॉलेज की शुरुआत की गयी. ये तीन मेडिकल कॉलेज दुमका, हजारीबाग और पलामू में हैं.
इनमें से हजारीबाग मेडिकल कॉलेज स्टाफ से लेकर उपकरण तक की कमी से जूझ रहा है. ऐसे में आये दिन अस्पताल में इलाज में लापरवाही होने के कारण कई बार विवाद होता है.
हजारीबाग मेडिकल कॉलेज में मार्च के पहले सप्ताह में हुई लगातार पांच मौतों के बाद स्टाफ, नर्स और इलाज के उपकरणों की कमी का मामला प्रकाश में आया.
इसे भी पढ़ें – राज्य में MBBS की पढ़ाई पर संकट: पलामू-हजारीबाग व दुमका मेडिकल कॉलेज की सीटों में हो सकती है कमी
दरअसल हजारीबाग मेडिकल कॉलेज में 3, 4 और 5 मार्च को पांच मरीजों की मौत इलाज के दौरान हुई. लगातार हुई मौत के बाद हजारीबाग मेडिकल कॉलेज की वरीय प्रभारी सह हजारीबाग सदर एसडीएम मेधा भारद्वाज ने एचएमसीएस प्राचार्य डॉ एसके सिंह, अधीक्षक डॉ केके लाल, उपाधीक्षक डॉ एके सिंह सहित अन्य डॉक्टरों के साथ बैठक की. इसी बैठक में यह बात सामने आयी कि मेडिकल कॉलेज में कई तरह की कमियां हैं.
मेडिकल सुप्रीटेंडेंट ने जयंत सिन्हा पर उठाये सवाल
हजारीबाग मेडिकल कॉलेज की व्यवस्था के संबंध में अस्पताल के मेडिकल सुप्रीटेंडेंट डॉ केके लाल ने दो टूक कहा कि सांसद जयंत सिन्हा ने वोट बैंक के लिए अस्पताल खुलवाया है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि सांसद जयंत सिन्हा को अस्पताल शुरू होने से पहले इसकी वस्तुस्थिति पता थी, फिर भी उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया.
मेडिकल सुप्रीटेंडेंट ने यह भी कहा कि अस्पताल की इमरजेंसी जैसे-तैसे चलती है. यह अस्पताल राम भरोसे चल रहा है. केवल 87 डॉक्टर के भरोसे यह अस्पताल चल रहा है. सदर अस्पताल को मेडिकल कॉलेज नहीं बनाना चाहिए था.
इसे भी पढ़ें – राज्यसभा के लिए शिबू सोरेन ने किया नामांकन, बोले हेमंत- बीजेपी की गतिविधि पर है पैनी नजर
गंभीर मरीजों के लिए सुविधाविहीन मेडिकल कॉलेज
हजारीबाग मेडिकल कॉलेज के एक क्लर्क ने बताया कि अस्पताल में गंभीर मरीजों के लिए मिलनेवाली सुविधाओं का अभाव है. यहां के स्टोर में वेंटिलेटर, एंबु बैग, जुको मीटर, पल्स ऑक्सीमीटर सहित कई उपकरणों की कमी है.
वहीं जो उपकरण उपलब्ध हैं भी उन्हें चलाने के लिए प्रशिक्षित नर्स और ट्रेंड स्टाफ की कमी है. यही वजह है कि हजारीबाग मेडिकल कॉलेज गंभीर मरीजों के लिए रेफरल अस्पातल से अधिक नहीं है.
चल रही है नियुक्ति प्रक्रिया
गौरतलब है कि हजारीबाग मेडिकल कॉलेज में वर्तमान में नॉन टीचिंग स्टाफ में 25 लोग कार्यरत हैं. इनमें से केवल आठ ही स्टाफ नियमित हैं. जबकि बाकि आउट सोर्स के तहत कार्यरत हैं. वहीं टीचिंग स्टॉफ की बात करें तो इसमें सीनियर रेसिडेंस की नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है.
इसे भी पढ़ें – #International_Market में तेल के दाम गिरे, राहुल का पीएम मोदी पर तंज, आप सरकार गिराने में व्यस्त, पेट्रोल 60 रुपये करेंगे?



