
Hazaribag: सीसीएल के एक प्रशिक्षु इंजीनियर के साथ पुलिस की थर्ड डिग्री प्रताड़ना को लेकर हजारीबाग एसपी ने बड़कागांव के थाना प्रभारी और दो प्रशिक्षु दारोगा को सस्पेंड कर दिया है. जांच में लापरवाही को लेकर बड़कागांव इंस्पेक्टर को शोकॉज भी किया गया है.
बता दें कि हजारीबाग में दो दिनों से पुलिस की थर्ड डिग्री प्रताड़ना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे थे और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़ा हो रहा था.
ऐसे में हजारीबाग एसपी कार्तिक एस ने इस मामले की जांच की जिम्मेवारी हजारीबाग के एसडीपीओ कमल किशोर को दी थी. एसडीपीओ कमल किशोर ने 24 घंटे के अंदर अपनी जांच पूरी कर ली है.
जांच में तीन पुलिसकर्मी दोषी पाये गये हैं, जिसमें बड़कागांव थाना प्रभारी स्वप्न कुमार महतो, प्रशिक्षु दारोगा शिवदयाल सिंह और अभिषेक कुमार सिंह शामिल हैं.
वहीं मामले में सही जांच नहीं करने के आरोप में बड़कागांव इंस्पेक्टर को शोकॉज भी किया गया है.
इसे भी पढ़ें – #Corona : झारखंड के तीन अन्य मेडिकल कॉलेजों में होगी कोरोना की जांच, प्रति सप्ताह बढ़ रहा है जांच का आंकड़ा
सरकारी गवाह नहीं बनने पर सीसीएल के प्रशिक्षु इंजीनियर की हुई थी पिटाई
हत्या के एक मामले में पुलिस के दबाव के बावजूद सरकारी गवाह नहीं बनने पर सीसीएल के प्रशिक्षु इंजीनियर आनंद वर्मा को पुलिस के थर्ड डिग्री टॉर्चर से गुजरना पड़ा था.
बड़कागांव, उरीमारी थाने व विष्णुगढ़ एसडीपीओ कार्यालय में विभिन्न अधिकारियों द्वारा की गयी मारपीट से खून की उलटी होने के बाद पुलिस ने युवक के परिजनों को बुलाया था जिन्होंने उसे स्थानीय लाइफ केयर अस्पताल में भर्ती कराया.
इस संबंध में घायल युवक के परिजन ने डीआइजी हजारीबाग रेंज को आवेदन सौंप कर बड़कागांव पुलिस सहित विभिन्न थाना की पुलिस पर अलग-अलग ठिकानों पर ले जाकर थर्ड डिग्री टार्चर कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया था.
इस आवेदन पर डीआइजी अमोल बेनुकान्त होमकर ने मामले की जांच कराने का आदेश हजारीबाग एसपी को दिया था.
इसे भी पढ़ें – #CoronaUpdates: 26 मई को धनबाद सदर अस्पताल के दो कर्मियों समेत 15 नये कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले, झारखंड का आंकड़ा हुआ 423
चुरचू थानेदार भी किये गये निलंबित
चुरचू थानेदार की मिलीभगत से अवैध रूप से ट्रैक्टर से कोयले की ढुलाई मामले व ग्रामीणों के द्वारा लिखित शिकायत के आधार पर एसपी द्वारा जांच में थानेदार तरुण बाखला की भूमिका संदिग्ध पायी गयी है.
हज़ारीबाग एसपी कार्तिक एस ने कर्तव्यहीनता के आरोप में चुरचू थानेदार तरुण बाखला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
इसे भी पढ़ें – पहली बार राज्य को मिलेंगे 24 स्पोर्ट्स ऑफिसर, सीएम हेमंत सोरेन ने जेपीएससी की अनुशंसा को दी स्वीकृति




