
Koderma: कोडरमा पुलिस द्वारा नवलसाही थाना कांड संख्या 11/21 का उद्भेदन करते हुए दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. साथ ही इनके पास से 5 मोबाइल, एक रजिस्टर, एक बायमेट्रिक फिंगरप्रिंट मशीन, विभिन्न बैंकों का 8 पासबुक, 13 एटीएम कार्ड, 6 चेक बुक और 11500 नगद जप्त किया गया.
नवलसाही थाना अंतर्गत कुंडीधनवार के सुनील कुमार यादव ने 5 फरवरी को थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर उनसे साइबर अपराधियों द्वारा डेढ़ लाख रुपए की ठगी किए जाने का आरोप लगाया था. मामले की जांच के बाद जामताड़ा के नारायणपुर थाना क्षेत्र से दो साइबर अपराधी हजरूल अंसारी और मनोरंजन दास को गिरफ्तार किया गया.
इस सम्बंध में एसपी डॉ एहतेशाम वकारीब ने पुलिस निरीक्षक रामनारायण ठाकुर के नेतृत्व में टीम का गठन किया था. टीम ने तकनीकी एवं साइबर सेल की मदद से रविवार को दोनों अपराधियों को गिरफ्तार किया.




