
Gumla: झारखंड के गुमला में अज्ञात अपराधियों ने बाल मजदूर मुक्ति संस्थान के पदाधिकारी मिथिलेश कुमार साहू की ऑफिस में घुसकर नृशंस हत्या कर दी. पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है, मगर अभी तक हत्यारों का पता नहीं चला है. अपराधियों ने साहू को पहले गोली मारी फिर उसका गला रेत दिया. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है. बताया जा रहा है कि घटना के वक्त मिथिलेश साहू कार्यालय में अकेले थे.
इसे भी पढ़ेंःहेमंत सरकार में कानून-व्यवस्था की हालत चौपट, आदिवासी माताएं-बहनें सबसे ज्यादा पीड़ित : बाबूलाल
बताया जाता है कि मंगलवार की सुबह ऑफिस नौ बजे मिथिलेश साहू ने ऑफिस खोला था. ऑफिस खुलते ही अपराधी आ धमके. गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी. घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी मनीष चन्द्र लाल घटनास्थल पर पहुचकर मामले की छानबीन में लगे हुए हैं. अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस पूरे इलाके में छापामारी कर रही है. जिस इलाके में मिथिलेश साहू का कार्यालय है वह गुमला से सबसे पॉश इलाका माना जाता है.




