
Nikhil Kumar
Ranchi: झारखंड में नेशनल हाइवे के साइट पर अपराधियों का खौफ बढ़ता जा रहा है. इंजीनियर-ठेकेदार से लेकर कारोबारी तक दहशत में हैं. अब हालात यह है कि, चाहे हाइवे का निर्माण हो या मटेरियल सप्लायर, कोयला का कारोबार करने वाले सभी प्रभावित हो गये हैं. आये दिन इनसे लेवी की मांग की जा रही है, नहीं मिलने पर फायरिंग, हत्या जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है. इन अपराधियों व गैंगस्टर पर लगाम लगाने में पुलिस भी नाकाम दिख रही है, बीते दिनों एनटीपीसी के डीजीएम की हत्या ने लॉ एंड ऑर्डर की भी पोल खोल दी है. एनटीपीसी में भी काम ठप है, करोड़ों का नुकसार हर दिन हो रहा है.
छह माह में 6 फायरिंग की घटना
सबसे खराब स्थिति हाइवे परियोजनाओं की हैं. विगत छह महीने में एनएचएआई के परियोजनाओं में लेवी इत्यादि की मांग को लेकर फायरिंग की छह घटनाएं हो चुकी है. विशेष रूप से NH-75 के रांची-विंढमगंज खंड (जो लातेहार, पलामू और गढ़वा जिलों से होकर गुजरता है) और NH-320 के ओरमांझी (रांची)-गोला खंड (जो रांची और रामगढ़ जिलों से होकर गुजरता है) में यह घटनाएँ लगातार हो रही हैं. इसका परिणाम यह हुआ कि ठेकेदारों के कर्मचारी और साइट पर काम कर रहे इंजीनियर असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और वहाँ जाने से हिचकिचा रहे हैं. इससे कार्य की प्रगति में गंभीर बाधा आ रही है और श्रमिकों एवं ठेकेदारों का मनोबल गिर रहा है. बता दें की एनएचएआई झारखंड में अभी 33 परियोजनाओं पर काम कर रहा है, लगभग 39 हजार करोड़ रुपये का निवेश है. ऐसे में बड़े पैमाने पर राशि झारखंड में लगायी जा रही है, जिस पर नजर नक्सली से लेकर अपराधियों को है.
इन फायरिंग घटनाओं की तिथि, समय और स्थान दिए गए हैं.
एनएच 75- पैकेज-1 का खजूरी- विडहमगंज सेक्शन, गढ़वा जिले में मिरई फ्लाईओवर स्थान मिराई अंचल. 11 जुलाई शाम-6.30 बजे.
एनएच 320 का ओरमांझी-गोला सेक्शन, राजपुर छतीसगढ़ में एमएस पीआरए का हेड ऑफिस, 13 जुलाई 2024 को सुबह 11 बजे.
एनएच 320 का ओरमांझी-गोला सेक्शन गोला, जिला रांची 27 दिसंबर 2024 को शाम 7.50 बजे.
एनएच-75, पैकेज-2 का भोगू-शंखा सेक्शन चुकरू गांव, पलामू जिला- सात जनवरी 2025. चुकरू गांव- शाम-4.30 बजे
एनएच 75-पैकेज-प्रथम का कुरू-उदयपुरा सेक्शन, लटडाग गांव लातेहार, 10 जनवरी 2025, दोपहर 2.30 बजे.
एनएच 75 पैकेज-2 का उदयपुरा-भोगू सेक्शन, मनिका गांव लातेहार जिला 22 जनवरी 2025 को दोपहर-1.40 बजे. पावर्ड बाय डब्लूपीएस ऑफिस.




