
Ranchi: गुमला में मनरेगा के तहत बने चेक डैम योजना की बकाया राशि के भुगतान में मनरेगा अधिनियम के उल्लंघन का मामला पकड़ में आया है. ग्रामीण विकास विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है और उल्लंघन के मामले में वहां के इंजीनियरों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
सभी इंजीनियर जल संसाधन विभाग के हैं, ऐसे में ग्रामीण विकास विभाग ने जल संसाधन विभाग को पत्र लिखा है. विभाग ने इन इंजीनियरों से मामले में स्पष्टीकरण पूछने को कहा है.साथ ही इससे विभाग को भी अवगत कराने को कहा है. इस मामले में एसीबी के द्वारा भी कार्रवाई की जा रही है.
इसे भी पढ़ें:आजसू पार्टी ने सरकार से की पिछड़ों के लिए आजीवन वैधतावाला जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने की मांग
यह बात सामने आयी है कि गुमला के तत्कालीन लघु सिंचाई प्रमंडल कार्यपालक अभियंता गगन देव बैठा, लघु सिंचाई अनुमंडल चैनपुर के तत्कालीन सहायक अभियंता अमरेंद्र कुमार, लघु सिंचाई गुमला के तत्कालीन कनीय अभियंता केदार नाथ सिंह और लघु सिंचाई अनुमंडल चैनपुर के कैशियर गणेश प्रसाद आरोपी है. ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी है.
इस मामले को ग्रामीण विकास विभाग ने गंभीरता से लिया था. विभाग की संयुक्त सचिव शैल प्रभा कुजूर ने मामले में हुई कार्रवाई के बारे में जल संसाधन विभाग को पत्र लिखा है.
इसे भी पढ़ें:गढ़वा : सनकी प्रेमी ने ट्रेन से कटकर दी जान, कल दिनदहाड़े कर दी थी छात्रा की हत्या




