
Ranchi: राजधानी रांची में दुर्गा पूजा पंडालों की भीड़ के बीच पॉकेटमार सक्रिय हैं, जो पलक झपकते ही मोबाइल और पर्स उड़ा रहे हैं. रांची शहर के मेन रोड, दुर्गाबाटी, बकरी बाजार, रेलवे स्टेशन सहित कई प्रमुख पूजा पंडालों में पॉकेटमार मौका मिलते ही चोरी की घटनाओं का अंजाम दे रहे है.
अब तक शहर के अलग-अलग थानों में दो दर्जन से अधिक मोबाइल चोरी-मिसिंग की रिपोर्ट दर्ज करायी गयी है. गिरोह में नाबालिग बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें- बिहार: वर्षा और बाढ़ से अब तक 97 की मौत, 10 घायल
पॉकेटमार गिरोह में बच्चे और महिलाएं शामिल
राजधानी के पंडालों के आसपास और भीड़-भाड़ में पॉकेटमारी के लिए सक्रिय गिरोह में अधिकांश नाबालिग बच्चे और महिलाएं हैं. जिनपर लोग शक भी नहीं करते और वे बड़ी आसानी से घटना को अंजाम दे देते हैं.
कोतवाली और लोअर बाजार थाने में मोबाइल उड़ाने वाले नाबालिग को हिरासत में भी लिया गया है. हालांकि उनके खिलाफ कोई शिकायत दर्ज नहीं करायी गयी है.
इसे भी पढ़ें- #DoubleEngine की सरकार में बेबस छात्र-4 : स्कूलों में 668 हेडमास्टर नियुक्त करने में भी फेल हो गयी सरकार
बाइक चोर भी हैं सक्रिय
दुर्गा पूजा के दौरान अत्यधिक भीड़ जुटने की वजह से बाइक चोर गिरोह भी सक्रिय हैं. ये वैसी जगहों पर बाइक की चोरी करते हैं, जहां से बाइक चोरी कर भागने का रास्ता है.
हालांकि पुलिस शहर के हर उन पंडालों और बाइक चोरी की संभावाना वाली जगहों पर विशेष निगरानी रख रही है. उन जगहों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाये गये हैं. ताकि चोरी की घटना को रोका जा सके.
बिजनौर का गैंग सक्रिय
राजधानी में दुर्गापूजा के दौरान चोरी करने के लिए बिजनौर का गैंग सक्रिय हो गया है. पुलिस को जांच के दौरान जिन दो संदिग्ध अपराधियों के मोबाइल नंबर मिले हैं, वो वर्तमान में एक्टिव हैं.
पुलिस दोनों मोबाइल नंबर धारक के बारे में पता कर रही है. माना जा रहा है कि दुर्गापूजा के बाद पुलिस की एक टीम दोनों मोबाइल नंबर धारक के सत्यापन के लिए बिजनौर भी जा सकती है. वैसे पूर्व में भी बिजनौर गिरोह से जुड़े लोग राजधानी में चोरी की घटना को अंजाम दे चुके हैं.




