
Dumka : दुमका दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रोजगार को लेकर एक बड़ी घोषणा की. उन्होंने कहा कि 2021 में राज्य के युवाओं को सरकार नौकरी की सौगात देगी.
उन्होंने कहा है कि 2021 का साल नयी उम्मीदों का साल होगा. इस दौरान राज्य के बेरोजगार छात्रों को रोजगार देने के लिए सरकार द्वारा कार्य योजना बनायी जा रही है.
मीडिया से बातचीत में हेमंत सोरेन ने कहा है कि मार्च-2021 तक राज्य में लगभग 10,000 से 15,000 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जायेगा. इस दौरान हेमंत सोरेन ने स्वरोजगार से लोगों को जोड़ने के लिए बनाये जा रहे एक्शन प्लान का भी जिक्र किया.
उन्होंने कहा कि सरकार इस प्लान पर तेजी से काम कर रही है. ज्यादा से ज्यादा रोजगार सृजन करना उनकी सरकारी की विशेष प्राथमिकता है. बीते दिनों समीक्षा बैठक में इस बाबत अधिकारियों को कई निर्देश भी दिये गये हैं.
इसे भी पढ़ें : तापसी पन्नू स्टारर फिल्म रश्मि रॉकेट में झारखंड के कई कलाकारों को भी हुनर दिखाने का मिल रहा है मौका
सरकार की उपलब्धियों से जनता को अवगत कराया जायेगा
29 दिसंबर 2020 को सरकार के 1 साल पूरे करने पर सरकार की तैयारी के सवाल पर हेमंत सोरेन ने कहा कि इस मौके पर कई नयी योजनाएं शुरू की जायेंगी.
इस अवधि के दौरान सरकारी की उपलब्धियों से जनता को अवगत कराया जायेगा. जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने और उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए सरकार हर संभव कोशिश कर रही है.
कोरोना संकट के कारण ग्रामीण इलाकों में बढ़ते रोजगार के लिए सरकार के उपाय पर हेमंत सोरेन ने कहा कि इन चुनौतियों के बाद भी सरकार ने कई अहम योजनाएं शुरू की हैं.
विशेष कर मनरेगा अंतर्गत शुरू की गयी योजनाएं काफी महत्वपूर्ण हैं. इससे ग्रामीण इलाकों में मानव दिवस सृजित करने के साथ विकास से जुड़ी योजनाओं को गति दी जा रही है.
इस दौरान सीएम ने कहा कि राज्य सरकार हर क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं तलाश रही है. इसमें पर्यटन क्षेत्र के विकास के लिए खाका तैयार कर लिया गया है. इस क्षेत्र में भी स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ा जायेगा. शहरी क्षेत्र में लोगों के रोजगार के लिए योजना चलायी जा रही है.
इसे भी पढ़ें : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा का दिल्ली में निधन, प्रधानमंत्री मोदी और राहुल गांधी ने जताया शोक




