
Panaji : गोवा कांग्रेस के दो-तिहाई (15 में से 10) विधायकों का एक समूह सत्तारूढ भाजपा में शामिल हो गया. अब 40 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 27 विधायक हो गए हैं.
कांग्रेस 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी. अब उसके विधायकों की संख्या पांच रह गई है. नेता विपक्ष चन्द्रकांत कावलेकर के नेतृत्व में विधायकों का समूह बुधवार शाम विधानसभा अध्यक्ष से मिला और उन्हें कांग्रेस से नाता तोड़ने की जानकारी देते हुए एक पत्र सौंपा.
इसे भी पढ़ेंःनगर निगम : रखरखाव के अभाव में जर्जर हो गयी 1.40 करोड़ की रोड स्वीपिंग मशीन, नयी खरीदने की तैयारी
विकास कार्यों में आ रही थीं बाधाएं, इसलिए BJP में हुए शामिल
गोवा विधानसभा में विपक्ष के नेता चन्द्रकांत कावलेकर समेत कांग्रेस के दस विधायकों के साथ आए मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने ऐलान किया कि कांग्रेस विधायक दल के दो तिहाई सदस्यों के समूह का भाजपा में विलय हो गया है. दो-तिहाई संख्या… दल-बदल कानून के तहत होने वाली कार्रवाई से बचाने के लिये पर्याप्त है.
इस दौरान कावलेकर ने भाजपा में विलय का कारण बताते हुए कहा कि उन्होंने और अन्य विधायकों ने भाजपा में शामिल होने का फैसला इसलिये लिया क्योंकि विपक्ष में होने के कारण उनके निर्वाचन क्षेत्रों में होने वाले विकास कार्यों में बाधाएं आ रही थीं.
कावलेकर ने कहा कि हमने सावंत के काम का तरीका देखा है. वह राज्य के विकास के लिये काम कर रहे हैं. हमने उनसे हाथ मिलाने का फैसला किया है. विपक्ष में रहकर हमारे विकास कार्यों में बाधाएं आ रही थीं. कावलेकर ने दावा किया कि वे बिना शर्त भाजपा में शामिल हुए हैं.
भाजपा में शामिल होने वाले विधायकों में अतानासियो मोन्सेराते, जेनिफर मोन्सेराते, फ्रांसिस सिल्वेरा, फिलिप नेरी रॉड्रिग्स, सी डियाज, विल्फ्रेड डीसा, नीलकांत हलारंकार और इसिडोर फर्नांडीज शामिल हैं.
इसे भी पढ़ेंःनक्शा पास करने के लिये नगर विकास विभाग को रोड बनाने वाले इंजीनियर घनश्याम अग्रवाल ही पसंद
एक देश, एक पार्टी’ चाहती है भाजपा : गोवा कांग्रेस प्रमुख
अपनी पार्टी के 15 में से 10 विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर प्रतिक्रिया देते हुए गोवा कांग्रेस के अध्यक्ष गिरिश चोडणकर ने कहा कि भगवा पार्टी का लक्ष्य ‘एक देश, एक पार्टी’ का है.
गौरतलब है कि गोवा विधानसभा में विपक्ष के नेता चन्द्रकांत कावलेकर के नेतृत्व में कांग्रेस के 10 विधायकों ने बुधवार शाम सत्तारूढ़ भाजपा में विलय कर लिया. इसके साथ ही 40 सदस्यीय सदन में भाजपा के विधायकों की संख्या बढ़कर 27 हो जाएगी.
चोडणकर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के विधायक ब्लैकमेल होकर या लालच में आकर भाजपा में गए हैं. उन्होंने कहा कि ‘‘एक देश, एक चुनाव’’ की जगह भाजपा वास्तव में ‘‘एक देश, एक पार्टी’’ चाहती है. गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लोकसभा और विधानसभाओं का चुनाव साथ-साथ कराने के लिए ‘‘एक देश, एक चुनाव’’ की वकालत कर रहे हैं.




