
Chakradharpur : प्रख्यात साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद की जयंती के अवसर चित्रनगरी संवाद मंच के द्वारा आगामी 31 जुलाई को शाम 6 बजे से मृणालताई गोरे सभागृह में ‘सृजन संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है. इस कार्यक्रम में मुख्यरूप से अपनी कहानी कला के द्वारा देशभर में अपनी पहचान बनानेवाले चक्रधरपुर के विख्यात कथावाचक सह साहित्यकार दिनकर शर्मा को मुंशी प्रेमचंद की कहानी ‘बड़े भाई साहब’ की प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया गया है. मुंशी प्रेमचंद द्वारा लिखित कहानी ‘बड़े भाई साहब’ दो भाइयों के बीच केंद्रित है. संस्मरणात्मक शैली में लिखित इस कहानी में छोटा भाई अपने स्कूल के दिनों को याद करता है. स्मृतियों में वह इस कदर खो जाता है मानो फिर से उस अतीत को जीने लगता है. बड़े भाई का प्राणांतक परिश्रम के बावजूद बार-बार फेल हो जाना, छोटे भाई का अव्वल नंबर से पास हो जाना, बड़े भाई के उपदेश, छोटे का अहंकार, डांट-स्नेह अंततः छोटे भाई को अपनी लघुता का आभास हो जाता है और दोनों भाइयों का रिश्ता और भी मजबूत हो जाता है.
गीत-गजलों की भी होगी प्रस्तुति
कार्यक्रम में गीत-गजलों की भी प्रस्तुतियां होनी है. अभिनेता राजेंद्र गुप्ता प्रेमचंद की कहानी का पाठ करेंगे जबकि सिने पत्रकार अजय ब्रह्मात्मज मायानगरी मुंबई में प्रेमचंद विषय पर अपने विचार रखेंगे. शायर नवीन जोशी और दिग्गज फिल्म समीक्षक सत्यदेव त्रिपाठी भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. कार्यक्रम की देखरेख और संचालन मशहूर शायर सह गीतकार देवमणि पाण्डेय करेंगे.




