
Giridih : मारपीट की घटना के दौरान एक महिला को बचाने आये परसनओपी पुलिस के साथ आरोपियों ने मारपीट की और जख्मी कर दिया. घटना गिरिडीह के धनवार थाना क्षेत्र के परसनओपी के पहरियापर गांव की है.
घटना रविवार की देर रात करीब 12 बजे के आसपास की है. स्थिति संभालने के लिए तीन थानों की पुलिस को घटनास्थल भेजा गया. धनवार के साथ हीरोडीह और घोड़थंबा ओपी पुलिस के पहुंचने के बाद माहौल समान्य हुआ. घटना के दौरान ही आरोपियों ने परसन ओपी प्रभारी अभिषेक कुमार रंजन को एक कमरे में घंटों बंधक भी बनाये रखा.
इतना ही नहीं आरोपियों में रामानुज राय, अजय राय और अश्वनी राय ने एक आईआरबी जवान दीनदयाल पाल से उसका हथियार तक छीनने का प्रयास किया. जानकारी के अनुसार एक आरोपी अजय राय सीआरपीएफ का जवान है. इस दौरान ओपी प्रभारी को बंधक बनाने की सूचना मिलने के बाद धनवार थाना पुलिस का मूवमेंट भी गांव में हुआ.
लेकिन हालात संभालना धनवार पुलिस के मुश्किल हो रहा था. वरीय अधिकारियों को सूचना के बाद पहरियापर गांव में तीन थानों की पुलिस अतिरिक्त बल के साथ पहुंची. इसके बाद किसी प्रकार स्थिति को संभाला गया.
इसे भी पढ़ें : अरगोड़ा नदी से लेकर श्मशान तक की जमीन लूटने में लगे भू माफिया, रातोंरात खड़ी कर रहे बाउंड्री वॉल
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान बेकाबू हो चुके लोग पुलिस बल को देखते ही और आक्रोशित हो गए. और धनवार थाना प्रभारी संदीप कुमार पर टांगी से वार कर दिया. हालांकि थाना प्रभारी खुद को बचाने में सफल रहे. लेकिन थाना प्रभारी के समीप खड़े व्यक्ति गंभीर रुप से जख्मी हो गया.
ओपी प्रभारी के फर्द बयान पर आरोपियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिस पदाधिकारियों पर जानलेवा हमले करने समेत अन्य आरोपों के साथ केस दर्ज किया गया. वहीं घटना को लेकर आरोपी सीआरपीएफ जवान अजय राय के साथ रामानुज राय और अश्वनी राय को जेल भेज दिया गया. जानकारी के अनुसार इन आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण मिलने के कारण बचाने का भी प्रयास किया गया.
जानकारी के अनुसार धनवार के परसन ओपी प्रभारी अभिषेक कुमार रंजन को गांव से एक महिला ने रोते हुए फोन किया. इसके बाद ओपी प्रभारी पुलिस जवानों के साथ देर रात घटनास्थल पहुंचे. जहां शंकुतला देवी नामक महिला गंभीर रुप से घायल हालात में सड़क पर पड़ी हुई थी.
घायल महिला का पति उपेन्द्र राय अपने घर के कमरे में बंद था. और लगातार सहयोग के लिए आवाज लगा रहा था. तभी आरोपी अजय राय वहां पहुंचा और प्रभारी से उलझ गया. अजय राय को सहयोग करने उसके तीन और रिश्तेदार रामानुज राय, शिवनाथ राय और अश्वनी राय भी वहां पहुंचे. और प्रभारी समेत पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट करना शुरु कर दी.
इसे भी पढ़ें : ओरमांझी युवती हत्याकांड सुलझाने के करीब पहुंची पुलिस, शेख बिलाल की है तलाश




