
Ranchi : रांची पुलिस ने डीजे संचालक हत्याकांड का खुलासा कर लिया है. इस हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह उर्फ विक्की को बिहार के गया जिला से गिरफ्तार किया गया है. वहीं इस मामले में पुलिस तीन लोगों से पूछताछ कर रही है. बताया जाता है कि खाने पीने के दौरान बार के बाउंसर एवं कुछ व्यक्तियों के बीच मारपीट की घटना हुई थी. मारपीट की घटना की सूचना चुटिया थाना को मिलने पर थाना के पदाधिकारी बार में आये. पुलिस के आने से पहले एक व्यक्ति के अलावे अन्य सभी लोग वहां से चले गये थे. पुलिस के द्वारा उस एक व्यक्ति को चुटिया थाना ले जाया गया. रात्रि करीब 01.18 बजे बार के डीजे संचालक बार के बाहर स्थित लिफ्ट के सामने खड़े थे, उस वक्त लिफ्ट से एक हथियार बंद व्यक्ति द्वितीय तल पर स्थित एक्सट्रीम बार में आया एवं लिफ्ट के सामने खड़े डीजे सैंडी, जो टैक्सी के इंतजार में खड़ा था, को आते ही गोली मार दी. गोली मारने बाद उक्त अभियुक्त नीचे उतरा तथा पुनः बार के शीशे पर नीचे से गोलियां चलायीं. जब पुलिस का गश्ती दल गोली की आवाज सुनकर पहुंचा तो अभियुक्त घटनास्थल से भाग गया. ईलाज के क्रम में डीजे सैंडी जो पश्चिम बंगाल का रहनेवाला था, उसकी मृत्यु हो गयी.


अनुसंधान के क्रम में यह पाया गया कि अभिषेक सिंह उर्फ विक्की, शमीरउद्दीन, आयाम अनवर, प्रतीक, मृत्युंजय यादव उर्फ मिथुन, प्रकाश एवं प्रकाश के दोस्त एवं बार के बाउंसरों के बीच मारपीट हुई थी. घटना के करीब दो से ढाई घंटे बाद उन्हीं में से एक व्यक्ति जिसकी पहचान अभिषेक सिंह उर्फ विक्की के रूप में की गई है, ने पुनः बार में आकर डीजे संचालक को गोली मार दी. तलाशी के दौरान इसके नाम से असम राज्य से निर्गत दो हथियारों की अनुज्ञप्ति प्राप्त हुई है. उक्त शस्त्र अनुज्ञप्ति के संबंध में उपायुक्त, रांची के शस्त्र शाखा से इसकी विवरणी की मिलान की गई, मिलान के क्रम में उक्त अनुज्ञप्ति से संबंधित कोई भी प्रविष्टि वहां प्राप्त नहीं हुई है. प्रथम दृष्टया दोनों अनुज्ञप्ति फर्जी प्रतीत होते हैं. काण्ड कारित करने के बाद जिस कार से अभिषेक सिंह उर्फ विक्की घटना स्थल से फरार हुआ था, उसे पुलिस के द्वारा खोजबीन कर विधिवत् जब्त किया गया है. बार एवं कार की एफएसएल जांच की जा रही है.
बाउंसर के साथ मारपीट में शामिल अभिषेक सिंह उर्फ विक्की के अन्य साथियों में से तीन 1. प्रतीक, पिता उपेन्द्र प्रसाद सिंह, वर्तमान पता- बिजुलिया रामगढ़ को रामगढ़ से, 2. मो समीरूद्दीन, पि- स्व0 जमालुद्दीन, एदलहातु, मोराबादी को रांची से तथा 3. मृत्युंजय कुमार यादव, पि- कृष्ण यादव, पता- गाड़ी होटवार को होटवार रांची से रांची पुलिस के द्वारा पूछताछ की जा रही है. अभिषेक सिंह उर्फ विक्की को रांची पुलिस की टीम के द्वारा गया पुलिस एवं हजारीबाग पुलिस की सहयोग से गया जिला में गिरफ्तार कर लिया गया है. भागने के क्रम में प्रयुक्त दो वाहन को भी जब्त किया गया है.
इसे भी पढ़ें – वर्तमान सरकार में झारखंड की स्थिति दयनीय, बांग्लादेशी घुसपैठियों के कारण स्थानीय लोगों को नहीं मिल पा रहा योजनाओं का लाभ: राजनाथ सिंह



