
Giridih: गिरिडीह रेलवे स्टेशन के सौदर्यींकरण और विस्तारीकरण का कार्य कर रही एजेंसी अमर इंडिगो कंस्ट्रक्शन कंपनी ने शुक्रवार को स्टेशन के जीआरपी थाने में लिखित शिकायत की है.
कंपनी के ठेकेदार गोपाल और अमरनाथ के मुंशी संतोष के आवेदन पर जीआरपी में केस दर्ज करने की प्रकिया चल रही थी.
थाना प्रभारी भुनेश्वर महतो ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि जितने आरोपियों पर कंपनी के कर्मियों के साथ मारपीट और जबरन जेसीबी मशीन को उठा ले जाने का आरोप लगा है उनके खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन के सौदर्यींकरण का कार्य पटना की एजेंसी अमर इंडिगो कंस्ट्रक्शन कर रही है. बीते गुरुवार की दोपहर एजेंसी के मुंशी जामताड़ा निवासी संतोष कुमार कंपनी के कर्मी पवन कुमार और विजय वर्मा से जेसीबी से काम निपटा रहे थे. इसी दौरान शहर के कुरैशी मुहल्ला निवासी फिरदौस खान और साहेब खान अपने 15 अज्ञात लोगों के साथ वहां आ धमके और संतोष समेत कर्मियों को काम करने से मना कर दिया.
मुंशी संतोष के अनुसार फिरदौस और साहेब को एजेंसी के कर्मी पहले भी स्टेशन में देख चुके थे. क्योंकि दोनों पहले भी कर्मियों से पैसे की मांग कर चुका था. लेकिन दोनों के साथ आए अज्ञात लोगों को मुंशी समेत दूसरे कर्मी नहीं पहचानते.
इधर थाना को दिये आवेदन में मुंशी संतोष ने आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों आरोपी शहर के कुरैशी मुहल्ला के रहने वाले हैं. गुरुवार की दोपहर अचानक दोनों अपने 15 साथियों के साथ स्टेशन पहुंचते ही 50 हजार रंगदारी की मांग करने लगे. नहीं देने पर जान से मारने की धमकी तक दी. यही नहीं, फिरदौस और साहेब ने मुंशी के साथ धक्का-मुक्की करते हुए कंपनी की जेसीबी के चालक को नीचे गिरा कर जबरन जेसीबी मशीन साथ ले गये.
इस दौरान कंपनी के मालिक गोपाल और अमरनाथ ने मामले की जानकारी पहले नगर थाना को दी. इसके बाद नगर थाना दोनों आरोपियों के पास से जेसीबी मुक्त कराकर लायी.
घटना के दुसरे दिन कंपनी के दोनों पार्टनर गिरिडीह स्टेशन के जीआरपी थाना पहुंचे और दोनों आरोपियों के खिलाफ जहां नामजद केस दर्ज कराया वहीं अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भी केस दर्ज कराने की प्रकिया की जा रही थी.




