National

आसमान से बरस रही है आग, राजस्थान के श्रीगंगानगर में पारा 50 डिग्री सेल्सियस के करीब, रेड वॉर्निंग

NewDelhi : देशवासी  इस समय भीषण गर्मी से परेशान है, आसमान से आग बरस रही है. खबरों के अनुसार  कई जगह  पारा 50 डिग्री सेल्सियस छू गया है. मौसम विभाग ने एनसीआर समेत कई राज्यों के लिए  रेड अलर्ट जारी कर दिया है. आईएमडी के अनुसार भीषण गर्मी के कारण पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान के कई भाग और विदर्भ के लिए रेड वॉर्निंग जारी की गयी है.  साथ ही ऑरेंज कैटिगरी वालों को  धूप में कम निकलने की सलाह दी गयी है.

मौसम वैज्ञानिक ड  एम मोहपात्रा के अनुसार उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, जो काफी शुष्क और गर्म हैं.  बारिश होने के अभी कोई आसार नहीं हैं.  उन्होंने कहा कि भले ही इन जगहों का अधिकतम तापमान और ना बढ़े लेकिन इस वक्त जितनी गर्मी है, उसे देखते हुए रेड अलर्ट जारी रहेगा.  बता दें कि भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) मौसम की स्थिति बताने के लिए अलग-अलग रंग के अलर्ट जारी करता है.  जिसमें ग्रीन, ऑरेंज, येलो और रेड शामिल हैं.  रेड अलर्ट को सबसे खतरनाक माना जाता है.

 यूपी के बांदा में तापमान 48.2, मध्यप्रदेश के रीवा में  47 डिग्री सेल्सियस पहुंचा

यूपी के बांदा में अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है. प्रयागराज में 25 साल के रिकॉर्ड 48.04 को तोड़कर 48.06 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा लखनऊ में 44, चुरू में 45, झांसी और उरई में सामान्य से तीन डिग्री अधिक 45 और आगरा में 45 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। अलीगढ़ में तापमान 45, इटावा में 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है.

मध्यप्रदेश के कई शहरों में तापमान 45 डिग्री को पार कर गया है. यहां 13 शहर लू की चपेट में हैं.  राजधानी भोपाल में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. रीवा में अधितकम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है,  इसके अलावा खजुराहो, दमोह, नौगांव, सीधी और सतना में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है.

वहीं ग्वालियर, सागर, उमरिया, रायसेन, होशंगाबाद, खरगोन और राजगढ़ में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.  मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी एक-दो दिन तक गर्मी इसी तरह बनी रहेगी.

इसे भी पढ़ें- अमेरिका : वर्जीनिया में सरकारी परिसर में गोलीबारी, 11 की मौत, छह घायल

राजस्थान के श्रीगंगानगर में पारा 49.6 डिग्री सेल्सियस

राजस्थान के श्रीगंगानगर में शुक्रवार को पारा 49.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया,  जो मई के महीने में बीते 75 साल में सबसे अधिक है. मौसम विभाग के अनुसार इससे पहले 30 मई, 1944 को यहां का तापमान 49.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. मौसम विभाग ने यहां भीषण लू की चेतावनी जारी की है. जयपुर, जोधपुर और श्रीगंगानगर समेत 12 शहरों में लू का असर देखने को मिलेगा.

जयपुर में शुक्रवार को तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,  जबकि यहां रात के वक्त तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस था.  वहीं फलोदी में रात के वक्त न्यूनतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस था, जो कि बेहद ही अधिक है.  यहां का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है.

राजधानी दिल्ली में भी पारे ने 7 साल में पहली बार मई में 45 डिग्री का आंकड़ा पार किया.फरीदाबाद में दिन का तापमान 46 और गुरुग्राम में 45.1 डिग्री सेल्सियस रहा.मौसम विभाग ने दिल्लीवासियों के लिए रेड वार्निंग जारी की है. मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली का औसतन अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस रहा.

शनिवार को भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस बने रहने की संभावना है.  रविवार, सोमवार, मंगलवार, बुधवार और बृहस्पतिवार को भी दिल्ली का तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस रहने की आशंका है, लेकिन रेड वार्निंग हट सकती है.

इसे भी पढ़ें- मोदी सरकार को झटका : ट्रंप ने GSP के तहत भारत को व्यापार में मिली छूट को किया खत्म

 महाराष्ट्र के चंद्रपुर का तापमान 48 डिग्री

महाराष्ट्र में भी भीषण गर्मी की स्थिति बनी हुई है यहां दो दिन पहले चंद्रपुर का तापमान 48 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था. जो कि अब तक का सबसे अधिक माना गया है. वहीं नागपुर समेत कई शहरों में भी तापमान फिलहाल 40 डिग्री सेल्सियस के पार है.

मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश में तापमान विशेष रूप से बढ़ा है और उत्तर पश्चिमी भारत में अधिकतम तापमान में अधिक परिवर्तन नहीं हुआ है. हालांकि शुक्रवार को हिमाचल में तापमान सामान्य से काफी कम दर्ज हुआ.

 छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पारा 44.4 डिग्री सेल्सियस

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शुक्रवार को पारा 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.   दक्षिण छत्तीसगढ़ से नम हवाएं आ रही हैं. वहीं रायपुर में शुक्रवार को 43.5, बिलासपुर में  44.4 अंबिकापुर में 42, दुर्ग में 43.6 और राजनांदगांव में 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.

गंगानगर के इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक हेल्थ के निदेशक दिलीप मालवांकर ने बताया,  गुजरात के अहमदाबाद में गर्मी को मात देने के लिए एक एक्शन प्लान शुरू हुआ है.  जिसका अन्य शहर भी अनुकरण करने की कोशिश में हैं.  अहमदाबाद में ऐसी 700-800 जगह हैं, जहां पानी की सुविधा दी जा रही है.  दिन के समय भी नाइट शेल्टर खुले हैंच साथ ही लोग निर्माण स्थलों पर सुबह 11 से शाम 4 बजे तक काम नहीं कर रहे हैं.

इसे भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट का फैसला, प्रतिबंधित संगठन का सदस्य होना गुनाह नहीं, माओवादी  को जमानत मिली

कब आयेगा मानसून?

एम मोहपात्रा का कहना है, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, दक्षिणी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्यप्रदेश और झारखंड के कई भागों में तीन-चार दिन से लू की स्थिति बनी हुई है. हम मानकर चल रहे हैं कि ऐसा दो दिनों तक और होगा.

उन्होंने मानसून पर कहा, केरल के पास मानसून के 6 जून को आने की संभावना है.  फिलहाल मानसून ने अरब सागर के दक्षिणी भाग और बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम-दक्षिण-पूर्वी भाग, अंडमान सागर और अंडमान निकोबार द्वीप को कवर किया हुआ है.

आने वाले तीन से चार दिन में यह अरब सागर के कई भागों को कवर कर लेगा. मोहपात्रा ने आगे बताया, हम पूर्वोत्तर राज्यों और दक्षिणी प्रायद्वीप पर अगले 3-5 दिनों तक गरज के साथ बारिश होने की उम्मीद कर रहे हैं

Related Articles

Back to top button