
Ranchi: आनलाइन का ट्रेंड तेजी से बढ़ा है. आज हर कोई घर बैठे ही सामान खरीदने से लेकर बेचने के लिए आनलाइन प्लेटफार्म पर है. ऐसे में अब लाइफलाइन मानी जाने वाली 108 एंबुलेंस सर्विस भी ओला और उबर की तर्ज पर एक क्लिक पर आपके दरवाजे पर होगी. इतना ही नहीं एंबुलेंस को आपका एग्जैक्ट लोकेशन मिलेगा और वह टाइम से पहुंच जाएगा. जिससे कि गंभीर मरीजों को गोल्डन आवर में इलाज मिलने से उसकी जान बचाई जा सकेगी. 25 जुलाई से 108 फ्री एंबुलेंस सर्विस की आनलाइन बुक करने की सुविधा मिलेगी. इसका संचालन करने वाली एजेंसी जिकित्जा हेल्थ केयर जीवन दूत 108 एंबुलेंस सर्विस एप लांच करेगा. जिससे फ्री एंबुलेंस की सुविधा लोगों को मिलेगी.
एंबुलेंस को किया जा सकेगा ट्रैक
जीवन दूत एप को मोबाइल में प्ले स्टोर से इंस्टाल करना होगा. इसके बाद अपना लोकेशन डालने के बाद एंबुलेंस की बुकिंग की जा सकेगी. वहीं एंबुलेंस को ट्रैक भी किया जा सकेगा कि वह कहां पहुंची है. इसके अलावा 108 पर कॉल कर भी एंबुलेंस को बुलाने की फैसिलिटी जारी रहेगी. जिसमें कॉल करने के बाद नजदीकी एंबुलेंस को इसकी सूचना दी जाएगी. इसकी पूरी मॉनिटरिंग एक जगह से होगी. जिससे कि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो.
नजदीकी हॉस्पिटल-ब्लड बैंक की जानकारी
एप बेस्ड एंबुलेंस सर्विस के तहत सभी एंबुलेंस को GPS और GPRS से लिंक किया जा चुका है. इसके अलावा एप को 108 टॉल फ्री नंबर से लिंक कर दिया गया है. एप में मोबाइल नंबर डालने के बाद OTP आएगा, इसे डालते ही संबंधित नंबर एप में रजिस्टर्ड हो जाएगा और जीपीएस की मदद से आपका लोकेशन शेयर हो जाएगा. इतना ही नहीं एंबुलेंस के बुक करते ही 50 किलोमीटर के रेंज में हॉस्पिटल सर्विस और ब्लड बैंक की जानकारी भी मिल जाएगी. जिससे कि तत्काल डॉक्टर से भी संपर्क किया जा सकता है.




