Corona_UpdatesGarhwaJharkhandLead News

गढ़वा: ऑक्सीजन नहीं मिलने पर दो महिला मरीजों की मौत, परिजनों का हंगामा- अस्पताल में तोड़फोड़

Garhwa : गढ़वा सदर अस्पताल स्थित कोविड-19 वार्ड एक बार फिर चर्चा में है. इस बार ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण दो महिला मरीजों की मौत होने के बाद उनके परिजनों ने जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ कर डाली.
गढ़वा सदर अस्पताल में ऑक्सीजन नहीं मिलने से शनिवार की रात्रि में दो महिला मरीजों की मौत हो गयी.

दोनों मृतकों के आक्रोशित परिजनों ने सदर अस्पताल में हंगामा करते हुए जमकर उत्पात मचाया. परिजनों ने तोड़फोड़ की. सदर अस्पताल के नर्स रूम में तोड़- फोड़ करने के साथ ही आयुष्मान भारत कार्यालय में भी तोड़ फोड़ की. इस घटना में अस्पताल प्रबंधन को करीब 50 हजार रूपए का नुकसान बताया जा रहा है.

घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार पलामू जिले के सिगसिगी गांव की कोरोना पीड़ित महिला मरीज को ऑक्सीजन लेवल घटने के बाद अस्पताल के कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया गया था. वहां डॉ सुशील रमन ने मरीज को देखकर दवा और ऑक्सीजन लगाने की बात कही. सदर अस्पताल में भर्ती होने के बाद नर्स दवा लगाने वार्ड में गयी.

उसी दौरान परिजन दवा लगाने से पहले ऑक्सीजन लगाने की बात कहने लगे. पर नर्सो ने अस्पताल में ऑक्सीजन नहीं रहने की बात कही. इस पर परिजन भड़क गए और ऑक्सीजन नहीं लगाने पर दवा लगाने से भी मना कर दिया. उसी समय डंडई थाना क्षेत्र के बौलिया गांव निवासी एक और कोरोना पीड़ित महिला भी सदर अस्पताल पहुंची. उसे भी ऑक्सीजन की ही समस्या थी.

महिला को भी ऑक्सीजन नहीं लगा. भर्ती के कुछ देर बाद उसकी मौत हो गयी. उसके बाद परिजन हंगामा कर ही रहे थे कि इसी दौरान पार्वती की भी मौत हो गयी. उसके बाद दोनों के परिजन आक्रोशित हो गए और तोड़- फोड़ करने लगे.

परिजनों ने नर्सों पर भी हमला करने की कोशिश की. उसके बाद मृतकों के परिजनों को आक्रोशित देख नर्स और चिकित्सक अस्पताल छोड़ भाग खड़े हुए. मामले की सूचना पुलिस को दी गयी. पुलिस ने सदर अस्पताल पहुंचकर मामले को शांत कराया.

Related Articles

Back to top button