Crime NewsGiridihJharkhandTOP SLIDER

गिरिडीह: LPG सिलेंडर ब्लास्ट में परिवार के चार लोगों की मौत, मकान जमींदोज

Giridih: गिरिडीह के तिसरी थाना क्षेत्र के खिरकिया मोड़ गांव के एक मकान में शनिवार  देर रात घरेलू गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया. इस घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गयी. मृतकों में दो महिलाएं व दो बच्चे शामिल हैं.

घटना देर रात करीब पौने 10 बजे की है.मृतकों में 55 वर्षीय भूखली देवी, सुनीता देवी, 5 वर्षीय अंकित राय और दो माह का बच्चा शामिल हैं. गृहस्वामी बुधन राय सुरक्षित बताये जा रहे हैं.

सिलेंडर ब्लास्ट करने से जहां पूरा मकान जमींदोज हो गया है. मृतकों के शवों के चिथड़े उड़ गये हैं.  ब्लास्ट की आवाज इतनी तेज थी कि आस-पास के घर के लोगों को लगा कि कोई बड़ा बम धमाका हुआ है.

जानकारी मिलने के बाद तिसरी थाना की पुलिस के साथ तिसरी प्रखंड के कई पदाधिकारी  घटनास्थल पहुंचे और राहत बचाव कार्य में जुट गये.

खबर लिखे जाने तक मलबे से दो शव निकाले जा चुके हैं जबकि दो को जेसीबी के सहयोग से निकालने का प्रयास जारी था. जिन दो शव को निकाला गया है उनमें एक सुनीता देवी का और दूसरा उसके दो माह के बच्चे का है.

घर में हुए गैस सिलेंडर ब्लास्ट का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है. तिसरी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

Related Articles

Back to top button