
Garhwa: पलामू प्रमंडल अंतर्गत गढ़वा के कांडी में शिवलिंग आहर में फेंके जाने से तनाव हो गया है. कांडी थाना क्षेत्र के पतीला गांव स्थित हनुमान मंदिर के बगल में स्थापित शिव लिंग को कुछ अराजक तत्वों द्वारा खेत में फेंक दिया गया, घटना बुधवार को अहले सुबह की बताई जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवलिंग को मंगलवार की रात 10 बजे शुभ मुहूर्त में गांव के ही एक पक्ष द्वारा लगाया गया था. जिसे स्थापित जगह से लगभग 200 फीट दूर फेंक दिया गया.
इसे भी पढ़ें- BSNL, MTNL को बचाने की कोशिश में विलय की तैयारी, मोदी कैबिनेट करेगी अंतिम फैसला
क्या है मामला
शिवलिंग उखाड़ कर फेंकने की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई है.
वहीं कुछ ग्रामीणों का कहना है कि जिस जगह पर शिवलिंग स्थापित किया गया था, उस जगह पर रविदास जी की मूर्ति स्थापित करने के लिए चबुतरा का निर्माण किया गया था. इन ग्रामीणों के अनुसार उस जगह पर रविदास जी की ही मुर्ति लगेगी चाहे कुछ भी हो जाये.
जबकि शिवजी की मूर्ति स्थापित करने वाले ग्रामीणों के अनुसार गांव के सहमति से ही शिवजी की मूर्ति स्थापित की गयी था, इन लोगों के अनुसार मूर्ति स्थापित होने के बाद कुछ लोग इस मामले को अलग ही रंग देने की कोशिश कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें- हजारीबाग एसीबी की एक सप्ताह के अंदर दूसरी कार्रवाई, 10 हजार घूस लेते जमादार को किया गिरफ्तार
क्या कहना है स्थानीय प्रतिनिधि का
पंचायत समिति सदस्य आशिक अंसारी ने गांव के दोनों पक्षों के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. भाजपा के राज्य स्तरीय युवा नेता सह मुखिया प्रतिनिधि राणा ऋषिकेश सिंह ने कहा कि हालांकि वे बाहर हैं, फिर भी दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपिल करते हुए मामले को बातचीत से सलटाने की बात कही है.




