
Palamu : पलामू जिले से लिए बुधवार को राहत की खबर आई. लगातार ऑक्सीजन की किल्लत झेल रहे हैं मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल को अब निर्बाध ऑक्सीजन सप्लाई की जाएगी. एमएमसीएच में 300 नये बेडों पर ऑक्सीजन सप्लाई हेतु प्लांट का निर्माण किया जायेगा. यह प्लांट पीएम केअर फंड के तहत बनाया जायेगा.
उपायुक्त शशि रंजन के निर्देश पर बुधवार को उप विकास आयुक्त शेखर जमुआर, प्रभारी सिविल सर्जन, अस्पताल सुपरिटेंडेंट एवं एडीएफ ने एमएमसीएच परिसर में नये ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने हेतु स्थल चिन्हित किया.
इसे भी पढ़ें :‘कभी खुशी कभी गम’ से ‘बाबा का ढाबा’ जाने के लिए भी बन जाता है ई-पास, ऐसे बन रहा मजाक
पलामू में 500 प्लस ऑक्सीजन युक्त बेड हो जायेगा
पीएम केयर्स फंड के तहत बनाए जा रहे नये ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण पूर्ण होने पर जिले में 500 प्लस ऑक्सीजन युक्त बेड उपलब्ध हो जायेगा.
ज्ञातव्य है कि इसके पूर्व एमएमसीएच में गुड़गांव की ग्रेस ग्रीन कंपनी द्वारा ऑक्सीजन प्लांट लगाया जा रहा है, जिसके माध्यम से 100 बेड तक ऑक्सीजन पहुंचाई जाएगी.
वहीं इस कंपनी के द्वारा डीसीएचसी एवं डीसीएच में 50 बेड पर ऑक्जिसीजन सप्लाई किया जायेगा. साथ ही एनएचएआई की ओर से भी 100 बेड पर ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण कराया जाएगा. जिसके लिए स्थल को चिन्हित कर लिया गया है. वहीं रेड क्रॉस सोसाइटी भवन में 28 बेड पर ऑक्सीजन सप्लाई का भी इंतजाम जिला प्रशासन द्वारा किया गया है.
ऑक्सीजन युक्त बेडों की संख्या लगातार बढ़ाने का हो रहा प्रयास: उपायुक्त
ऑक्सीजन युक्त बेडों की संख्या बढ़ाने के संबंध में उपायुक्त शशि रंजन ने कहा कि जिले में ऑक्सीजन युक्त बेडों की संख्या को कैसे और बढ़ाया जा सके, इसके लिए विभिन्न स्तरों पर लगातार प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी कीमत पर ऑक्सीजन की कमी नहीं होने दी जाएगी.
इसे भी पढ़ें :Corona Impact : तरबूज से अबकी किसानों को नहीं मिल रही मिठास, उठी मुआवजे की मांग




