
Garhwa: गढ़वारोड-चोपन रेलखंड पर नगर उंटारी रेलवे स्टेशन के पोल संख्या 45/5-45/6 के बीच में सब-वे निर्माण की मांग तेज हो गयी है. करीब पांच गांवों के ग्रामीणों ने सब-वे निर्माण की मांग को लेकर आन्दोलन तेज किया है.
अहिपुरवा गांव में शुक्रवार से निर्माणाधीन रेलवे ट्रैक के बगल में ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया है. ग्रामीणों के आन्दोलन को देखते हुए रेलवे अलर्ट है और आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी है.
इसे भी पढ़ेंःसदन में फर्श पर बैठे बीजेपी विधायक, लगाया अध्यक्ष महोदय न्याय दें का नारा, हेमंत ने मुस्कुराकर ली चुटकी
शहर से संपर्क कट जाने का लगाया आरोप
धरना पर बैठे ग्रामीणों ने कहा कि रेल दोहरीकरण का कार्य होने से अहिपुरवा, नयाखांड, अलकर एवं गरबांध गांव के लोगों का संपर्क शहर से पूरी तरह से टूट गया है. उपरोक्त गांव के लोग अलग-थलग पड़ गये हैं.
लोगों को बाजार, स्कूल एवं अस्पताल आने जाने में काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है. रेलवे के द्वारा उनलोगों के साथ नाइंसाफी की जा रही है.
रेलवे अलर्ट, पुलिस बल तैनात
इधर, धरना को लेकर रेलवे अलर्ट पर है. धरनास्थल पर भारी मात्रा में पुलिस बलों की तैनाती की गई है. स्टेशन मैनेजर रमेश कुमार ने धरना स्थल पर जाकर ग्रामीणों से बात की और धरना को समाप्त करने का आग्रह किया, लेकिन इसमें वे असफल रहे हैं. ग्रामीणों का कहना कि सक्षम पदाधिकारियों से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद धरना स्थगित होगा.
इसे भी पढ़ेंःहेमंत सोरेन को अनंत ओझा का जवाब: स्टीफन अनुभवी और तेज तर्रार नेता, JMM बना दे उन्हें नेता सदन
आग्रह पर नहीं हुई कोई कार्रवाई
उल्लेखनीय है कि अहिपुरवा समेत पांच गांव के ग्रामीणों ने रेल दोहरीकरण कार्य होने के पूर्व रेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं सांसद को पत्र देकर अहिपुरवा में सब-वे निर्माण कराने की गुहार लगाई थी, लेकिन रेलवे विभाग के अधिकारियों के द्वारा कोई पहल नहीं की गयी. नतीजा अहिपुरवा में सब-वे निर्माण अधर में लटक गया. अब ग्रामीणों का रास्ता बंद होने वाला है.
धरने पर बैठने वालों में वार्ड पार्षद शंभू राम, वेदप्रकाश तिवारी, वीरेंद्र कुमार सिंह, धर्मेंद्र तिवारी, उपेन्द्र तिवारी, मिथिलेश तिवारी, रामाकांत तिवारी, मुन्ना पांडेय, हर्ष वर्द्धन सिंह, मनीष तिवारी, प्रमोद चैबे, दयाशंकर चतुर्वेदी, विवेक तिवारी, सच्चिदानंद त्रिपाठी, योगेन्द्र तिवारी आदि शामिल हैं.
इसे भी पढ़ेंः#yesbankcrisis पर राहुल का पीएम पर तंजः मोदी और उनके विचारों ने अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया




