Crime NewsGarhwaJharkhandJharkhand StoryKhas-KhabarLead NewsNEWSPalamuRanchiTOP SLIDERTop Story

गढ़वा: ईडी की टीम नगर ऊंटारी पहुंची, विधायक भानू की अटैच हुई-संपत्ति का जायजा लिया

Garhwa:  केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी की टीम ने शुक्रवार की दोपहर श्री बंशीधर नगर पहुंचकर भाजपा विधायक भानू प्रताप शाही के स्टेशन रोड स्थित आवासीय कार्यालय एवं मां नगीना शाही कॉलेज का कथित जायजा लिया. टीम ने अंचल अमीन योगेन्द्र कुमार से विधायक के आवास एवं कॉलेज की जमीन के संबंध में जानकारी ली. अंचल अमीन ने इसकी पुष्टि की है. हालांकि ईडी की ओर इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है. अंचल अमीन के मुताबिक ईडी की टीम करीब बारह बजे अंचल कार्यालय पहुंची थी. कार्यालय में मौजूद अनुसेवक इरफान से टीम ने अंचल अमीन के विषय में पूछा और बुलाने को कहा, जिसके बाद अनुसेवक ने उन्हें फोन कर बुलाया. बकौल योगेन्द्र जब वे अंचल कार्यालय पहुंचे तो टीम में शामिल लोगों ने स्वयं को ईडी की टीम बताया और उन्हें अपने साथ स्टेशन रोड स्थित विधायक भानू प्रताप शाही के आवास ले गये और विधायक आवास की जमीन से संबंधित प्लॉट की जानकारी ली. इसके बाद टीम उन्हें अपने साथ बभनी में स्थित मां नगीना शाही कॉलेज भी ले गयी. वहां भी टीम ने कॉलेज की जमीन से संबंधित जानकारी ली. योगेन्द्र ने बताया कि उन्हें दोनों जगहों की जमीन की खास जानकारी नहीं थी, इसलिये वे ईडी की टीम को संतुष्ट नहीं कर सके. बाद टीम में शामिल अधिकारियों ने मोबाईल पर सीनियर अधिकारियों से बातचीत कर वापस लौट गये.

इसे भी पढ़ें: पलामू: चित्र प्रदर्शनी में शामिल हुईं केन्द्रीय राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी, कहा-शहीदों को गुमनामी से बाहर निकाल कर लाएं सामने

सूत्र बताते हैं कि ईडी की टीम विधायक भानू प्रताप शाही की अटैच की गई संपत्ति जिसमें नगर ऊंटारी स्टेशन रोड में स्थित आवास और मां नगीना शाही कॉलेज की भूमि शामिल है, दोनों के कागजात के साथ पहुंची थी. बताया जाता है कि अटैच होने के बाद दोनों भूखंडों पर निर्माण आदि से संबंधित भौतिक सत्यापन के लिये अमीन को अपने साथ लेकर गयी थी. उल्लेखनीय है कि ईडी ने पिछले साल 17 फरवरी को नगर ऊंटारी में विधायक भानू प्रताप शाही की संपत्ति के तौर पर जंगीपुर स्टेशन रोड में स्थित आवास और विधायक की मां के नाम से चल रहे मां नगीना शाही महिला विद्यालय को अटैच कर दोनों जगहों पर बोर्ड लगा दिया था.

Related Articles

Back to top button