
Ranchi: मंत्री बन्ना गुप्ता ने उनसे जुड़े और सोशल मीडिया में वायरल वीडियो मामले में विधायक सीपी सिंह का भी नाम लिया था. बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि सीपी से जुड़े वीडियो को हनी ट्रैप और उनके मामले को फनी ट्रैप कहा जा रहा. इस पर सीपी सिंह ने बन्ना पर हमला बोला है. गुरुवार को सोशल मीडिया (ट्विटर, फेसबुक) के जरिये उनसे 6 सवाल भी पूछे हैं. यह भी कहा है कि उनकी शराफत को कमज़ोर समझी जा रही. उनसे जुड़े वीडियो कॉल की ओट लेने को बन्ना गुप्ता बहुत आतुर हैं. सीपी ने सलाह देते कहा है कि वायरल वीडियो प्रकरण की जांच के लिए सीएम को सीबीआई जांच के संबंध में चिट्ठी लिखें.
यह पूछे सवाल
सीपी सिंह ने 6 सवाल बन्ना गुप्ता से पूछे हैं. पहला कि 24 अप्रैल की आधी रात को उन्हें जो वीडियो कॉल आया, उसके संबंध में उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस अगले दिन ही कर सारी जानकारी सबों को दे दी. इसमें अब किन्तु परंतु कहाँ है.
- शातिर अपराधियों ने कमाई का नाजायज तरीका फर्जी और अश्लील वीडियो कॉल को बना लिया है. कई भुक्तभोगी लोगों ने इसके चलते घर छोड़ दिया, अगले को पैसे दिए या जान तक दे दी. बन्ना बताएं कि उनका मामला ऐसा ही है या कुछ दूसरा.
- कहीं ऐसा तो नहीं कि बन्ना गुप्ता के मामले को दबाने को या छिपाने को कुछ ऐसा षडयंत्र किया गया हो. पुलिस जांच से पता लग जाएगा.
- 24 अप्रैल की आधी रात की तरह ही 25 अप्रैल को भी दूसरे नंबर से उन्हें फिर से एक कॉल आया था. क्या उन्हें भी बन्ना गुप्ता या कांग्रेसी समझ लिया गया है. उन्होंने इसकी जानकारी एस एस पी, रांची पुलिस को दे दी है.
- आखिर मीडिया के सवालों से बन्ना गुप्ता भाग क्यों रहे हैं. उन्हें किस नंबर से फोन आया, वे किससे बात कर रहे थे, यह सब जानकारी उन्होंने क्यों नहीं दी है.
- उन्हें जो फोन आया था, वो पूर्वी यूपी का बताया जा रहा है. ऐसे में वे इस संबंध में जांच के लिए यूपी के डीजीपी को चिट्ठी लिखेंगे. क्या बन्ना गुप्ता अपने मामले की जांच के लिए सीबीआई जांच की मांग करेंगे.




