
Palamu / Garhwa: पलामू प्रमंडल में एक बार फिर अपराधियों की तूती बोलने लगी है. वहां लगातार लूट की वारदात हो रही है. पुलिस का खौफ अब अपराधियों में नहीं रह गया है. पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में कपड़ा व्यवसायी से करीब 5 लाख रूपये लूटने के बाद बुधवार की दोहपर गढ़वा जिला में अपराधियों ने भाजपा नेता भगत सिंह के पेट्रोल पंप पर लूटपाट की.
अबतक चार बार हुई लूट
एनएच 39 (पुराना 75) गढ़वा-मेराल मार्ग पर खजुरी गांव स्थित भाजपा के वरिष्ठ नेता भगत सिंह के पेट्रोल पंप पर लूटकांड को अंजाम दिया गया. नकाबपोश लुटेरों ने दिन के 4 बजे 40 हजार नगदी के साथ एक मोबाइल भी लूट लिया. इस पंप पर अब तक लूट-पाट की यह चौथी घटना है.
इसे भी पढ़ें – 47.8 प्रतिशत कुपोषण वाले झारखंड में डेढ़ माह से नौनिहालों का अंडा बंद
मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
जानकारी के अनुसार, पैशन प्रो मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग पेट्रोल पंप पर पहुंचे. सबसे पहले पंप पर तेल देने वाले कर्मियों को पिस्टल का भय दिखाकर कब्जे में लिया और अंदर कैश काउंटर पर ले गये. वहां सभी को कमरे में बंद किया और पूरा पैसा लूटकर फरार हो गए. साथ ही जाते-जाते एक कर्मी का मोबाइल भी लूट ले गए. अपराधियों की करतूत सीसीटीवी में कैद हो गयी है.
पुलिसिया जांच तेज
घटना की सूचना मिलने के बाद गढ़वा एसडीपीओ ओमप्रकाश तिवारी, पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी अनिल सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की. पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी कर रही है. हालांकि खबर लिखे जाने तक कितने कैश की लूट हुई है, इसकी जानकारी नहीं मिल पायी है. लेकिन चर्चा है कि 40 हजार नगद अपराधियों ने लूटे हैं.
लगातार लूट, खुलासा एक का भी नहीं
पलामू प्रमंडल में लूट की बड़ी वारदात पिछले एक सप्ताह के अंदर ही हो चुकी है. अबतक तक आठ लाख रूपये नगद की लूट सामने आयी है. लेकिन किसी मामले में पुलिस ने उद्भेदन नहीं किया है.
बीते 22 अप्रैल को पलामू जिले के छतरपुर में अपराधियों ने इलाहाबाद बैंक में ढ़ाई लाख रूपये की लूट की थी. सोमवार की रात पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में एक कपड़ा व्यवसायी से 4-5 लाख के बीच नगद लूट लिए गए. इसी तरह बुधवार को गढ़वा के मेराल में भाजपा नेता के पेट्रोल पंप को चौथी बार लूटा गया.
इसे भी पढ़ें – डीजीपी डीके पांडेय ने पत्नी के नाम पर खरीदी 51 डिसमिल जीएम लैंड!




