
Patna: बिहार की बेगूसराय सीट से चुनाव लड़ रहे जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार के लिए प्रचार करने के वास्ते सीताराम येचुरी, डी राजा और सुधारकर रेड्डी जैसे वाम दलों के शीर्ष नेता के साथ-साथ बॉलीवुड गीतकार जावेद अख्तर अगले हफ्ते लोकसभा क्षेत्र जायेंगे.
बेगूसराय सीट से कुमार भाजपा के फायरब्रांड नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को टक्कर दे रहे हैं.
इसे भी पढ़ेंः बासमती चावल निर्यातक जीआरएम उतरेगी घरेलू बाजार में, करेगी 50 करोड़ रुपये का निवेश
यहां भाकपा के राज्य मुख्यालय से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, येचुरी 23 अप्रैल को बेगूसराय में रैली को संबोधित करेंगे जबकि सुधाकर रेड्डी 23 अप्रैल एवं 24 अप्रैल को रैलियों को संबोधित करेंगे.
भाकपा के राष्ट्रीय सचिव डी राजा बिहार की पांच दिन की यात्रा पर सोमवार को पटना आ रहे हैं. वह अपनी पार्टी के उम्मीदवार कुमार के लिए 23 से 26 अप्रैल तक प्रचार करेंगे.
विज्ञप्ति में कहा गया है कि अख्तर 23 अप्रैल को बेगूसराय में होंगे. इसी बीच, जाने माने अभिनेता प्रकाश राज शनिवार बेगूसराय पहुंचे थे.
राज ने सोशल मीडिया पर 32 साल के भाकपा प्रत्याशी का हाथ पकड़े हुए और रैलियों को संबोधित करते हुए फोटो डाले थे.
राज ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा, ‘‘ बेगूसराय कन्हैया कुमार के पक्ष में जुट रहा है. मैंने उनके साथ यात्रा की है और मैं लोगों की आंखों में उम्मीद देख सकता हूं. बदलाव की बयार है. मैं माहौल को महसूस कर सकता हूं… मैं उनके साथ हूं और इसपर मुझे गर्व है.’’
जाने माने अभिनेता राज बेंगलुरु से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं. उन्होंने संकेत दिया कि वह सोमवार तक कुमार के लिए प्रचार करेंगे.’’
इस सीट पर 29 अप्रैल को मतदान होना है.
इसे भी पढ़ेंः आयोग के विशेष पर्यवेक्षक पश्चिम बंगाल के लोगों से अभद्र व्यवहार कर रहे हैं : ममता




