
Ranchi: राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को पाकुड़ जिला के अमड़ापाड़ा प्रखंड के डुमरचीर में ग्रामीणों से संवाद किया. कहा केंद्र सरकार की योजना हो या राज्य सरकार की योजना हो, उनका लक्ष्य है समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक के जीवन स्तर को ऊपर उठाना. योजना का लाभ सबों को मिले. उन्होंने कहा कि केंद सरकार नल-जल योजना के तहत प्रत्येक परिवार को शुद्ध पेयजल सुलभ कराने के लिए प्रतिबद्ध है. अभी तक 37 प्रतिशत परिवारों को इस योजना से आच्छादित किया जा चुका है. शेष बचे 67 प्रतिशत परिवार को आच्छादित किया जाएगा. सरकार द्वारा शुद्ध पेयजल सुलभ कराने के साथ-साथ आवास, बिजली, स्वास्थ्य एवं शिक्षा की समुचित व्यवस्था के लिए भी निरंतर कार्य किया जा रहा है.
छात्राओं के साथ भी किया संवाद
राज्यपाल ने कहा कि उनके द्वारा कई कस्तूरबा गांधी विद्यालय एवं अन्य विद्यालयों का भ्रमण किया गया है और उन्होंने वहां स्मार्ट क्लास, VR लैब, लाइब्रेरी, ओपेन जिम इत्यादि को देखा है. वहां की छात्राओं से भी संवाद किया है. इस दौरान कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्रा रेखा टुडू ने बताया कि वो डॉक्टर बनना चाहती है एवं उनके विद्यालय में ICT लैब एवं स्मार्ट क्लास की सुविधा उपलब्ध है. सारी बातों को सुनने के बाद राज्यपाल ने छात्रा को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जो भी बच्चे उच्च शिक्षा ग्रहण करना चाहते हैं, उनके लिए सरकार द्वारा विशेष कोचिंग के माध्यम से भी शिक्षा की भी व्यवस्था की गई है. यदि ये बच्चे उच्च शिक्षा प्राप्त करते हैं तो इनके लिए भाषा की समस्या नहीं होगी और ये बेहतर तरीके से अपने समाज और समुदाय के लोगों की सेवा कर सकेंगे.
आय का उपयोग बच्चों को शिक्षित बनाने में करें
राज्यपाल ने वहां उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि आप लोग अपने बच्चों को निश्चित रूप से शिक्षा दें. आप अपने जमीन-जायदाद एवं विभिन्न स्रोतों से आय का उपयोग बच्चों को शिक्षित बनाने में करें. वे शिक्षित होंगे तभी वे प्रतिस्पर्धा के इस युग में सफलता अर्जित कर सकेंगे. कार्यक्रम में उपस्थित जिला परिषद की सदस्य प्रियंका मालतो ने कहा कि कुमार भाग पहाड़िया के PVTG में शामिल नहीं होने के कारण बहुत सारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता है. प्रियंका ने राज्यपाल से कुमार भाग पहाड़िया को PVTG में शामिल करने का अनुरोध किया. राज्यपाल ने कहा कि यह कार्य एक प्रक्रिया के तहत होती है, जिसमें जिला प्रशासन द्वारा सरकार से स्थापित मानदंडों के आधार पर राज्य सरकार को अनुशंसा की जाती है. राज्यपाल ने कहा कि जनजातियों एवं PVTG के लिए एकलव्य विद्यालय खोले गए हैं. सरकार द्वारा स्कूल ऑफ एक्सीलेंस भी खोले गए हैं, आप अपने बच्चों को निश्चित रूप से शिक्षित करें, उन्हें ड्रॉप आउट नहीं होने दें. राज्यपाल ने यहां के लोगों के शैक्षणिक, आर्थिक एवं सामाजिक समृद्धि की कामना की. उन्होंने परिसंपत्तियों का वितरण किया एवं आंगनबाड़ी केंद्र के कार्यों का अवलोकन किया.




