GarhwaJharkhand

गढ़वा में मछली पकड़ने गये चार युवकों की डूबने से मौत, 5 की बची जान

अंधेरी रात में बभनी डैम में मछली पकड़ने गए थे सभी युवक

Garhwa : जिले के नगर उंटारी (बंशीधर नगर) थाना क्षेत्र के नयाखाड़ में स्थित बभनी खांड़ डैम में मछली पकड़ने गये चार युवकों की पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच लोग बाल बाल बच गये. घटना गुरुवार की रात्रि 9 बजे की बताई जा रही है. मछली पकड़ने गये सभी युवक एक ही गांव के रहने वाले थे. मृतको में बबलू उरांव (24 वर्ष), नागेंद्र उरांव (35 वर्ष), अनिल उरांव (20 वर्ष), अमरेश कुमार (15 वर्ष) के नाम शामिल हैं.

इसे भी पढ़ें : कोडरमा में बस यात्री के बैग से लाखों के गहने व नकदी चोरी

बताया जा रहा है कि नयाखांड़ गांव के 9 युवक बबलू उरांव, नागेंद्र उरांव, अनिल उरांव, अमरेश कुमार, नवलेश लकड़ा, गुड्डू उरांव, रवींद्र उरांव, सोनू उरांव, नरेश उरांव सभी एक साथ मछली पकड़ने के लिये बभनी खांड़ डैम में गये थे. चार युवक पानी में डूबकर मछली मार रहे थे. वहीं तीन युवक मछली का जाल पकड़े हुये थे, जबकि दो युवक पानी में मछली मार रहे युवकों को लाइट दिखा रहा था.

इसी बीच पानी में मछली मार रहे चार युवक बबलू उरांव, नागेंद्र उरांव, अनिल उरांव, अमरेश कुमार सिंचाई के लिये बनाये गये निर्माणाधीन नहर के माध्यम से फाटक में घुस गये. घुसने के कुछ देर बाद भी वापस नहीं लौटे. वहीं साथ में गये अन्य साथी ने देखा की कोई आवाज नहीं मिल रही है तो तीन लोगों ने घुस कर देखने का प्रयास किया. घुटन महसूस होने की वजह से तीनों बाहर निकल गए और आस पास के ग्रामीणों को इसकी सूचना दी.

डैम में तीन युवको के डूब जाने की सूचना गांव में आग की तरह फैल गई. कुछ देर में उक्त स्थल पर आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी तथा सभी युवकों की खोजबीन करने लगे. घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ प्रमोद कुमार केशरी एवं थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार ने दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर घटना की पूरी जानकारी ली. इसके बाद डैम का फाटक खुलवाया. फाटक खुलने के बाद फाटक के नीचे फंसे चारों युवकों का शव डैम के पानी के तेज बहाव से निर्माणाधीन नाहर के बहार निकला गया. इसके बाद पुलिस ने चारों युवकों को अपने वाहन से अनुमंडल अस्पताल ले आयी, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने चारों मृतकों के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया. वहीं मृतक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है. चारों तरफ मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

इधर घटना के प्रत्यक्षदर्शी नयाखांड़ निवासी रवींद्र उरांव, गुड्डू उरांव, नवलेश उरांव ने बताया कि हम सभी 9 लोग बभनी खांड़ डैम में मछली पकड़ने आये थे. इसी दौरान डैम के फाटक के नीचे चार लोग मछली पकड़ने का जाल लेकर घुसे. घुसने के काफी देर होने के बाद चारों लोग बाहर नहीं निकले. हम लोग इधर से आवाज देते रहे लेकिन उधर से कोई आवाज नहीं आई. तो हम लोगों ने भी घुसने का प्रयास किया. लेकिन हमलोगों का भी दम घुटने लगा. तो हम लोग बाहर निकल गये और आसपास के ग्रामीणों को इसकी सूचना दी.

इसे भी पढ़ें : गिरिडीह के गांवा में अनियंत्रत होकर पलटा वाहन, छह लोग जख्मी

Related Articles

Back to top button