
Khunti: मुरहू के लोगों के मनोरंजन व बेहतर स्वास्थ्य के मद्देनजर जिला प्रशासन ने लगभग एक करोड़ रुपए खर्च कर डुडरी में बैंक ऑफ इंडिया के बगल में मनोरंजन पार्क बनवाया है. जिसमें मनारंजन के कई साधनों के साधन ओपेन जिम भी है. इस मनोरंजन पार्क में हमेशा ताला लगा रहा है. मेंटेनेंस का काम पूरी तरह बंद है. अब पार्क और ओपेन जिम कबाड़खाने में तब्दील हो रहा है. पार्क में लगाए गए महंगे घास को पानी नहीं मिलने के कारण पुआल की तरह पीला हो गया है. जिम में जंग लग रहे हैं. क्रिसमस और नववर्ष के मौके पर पार्क के मुख्य द्वार में लगे बड़े-बड़े ताले लोगों को चिढ़ा रहे हैं.
जिला परिषद और पंचायत समिति की बैठक में उठ चुका है मामला
जिला परिषद, खूंटी और पंचायत समिति, मुरहू की बैठकों में मुरहू के उपप्रमुख अरूण कुमार साबू ने इस मुद्दे को उठाते हुए आम लोगों के लिए जल्द पार्क खुलवाने की मांग उठाई थी, लेकिन इस दिशा में अब तक कोई पहल नहीं हुई है. अरूण कुमार साबू कहते हैं कि काफी दिनों से पार्क बंद है. इस पर प्रशासन को संज्ञान लेते हुए नववर्ष से पूर्व पार्क को खुलवाना चाहिए. उन्होंने कहा कि पार्क के बंद रहने से सरकारी सम्पत्ति बर्बाद हो रहा है. मेंटेनेंस शून्य है. अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्क कबाड़खाना और जंगल में तब्दील हो जाएगा. उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि जिला परिषद द्वारा पार्क के संचालन का जिम्मा एक संस्था को दी है, जिसका कहना है कि पार्क में उसे घाटा हो रहा है और वह पार्क का संचालन करने में असमर्थ हैं. संस्था के लोगों का यह भी कहना है कि इस संबंध में उनके द्वारा जिला परिषद को लिखित जानकारी दे दी गई है.




