
NewDelhi : साइबर ठगों ने पूर्व सीजेआई आरएम लोढा को निशाना बनाते हुए एक लाख रुपए ठग लिये. खबर है कि ठगों ने जस्टिस आरएम लोढा के करीबी दोस्त के ईमेल अकाउंट से संदेश भेजकर एक लाख रुपए की ठगी कर ली. बता दें कि पुलिस ने आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी और बेईमानी से पैसे ऐंठना) के तहत केस दर्ज कर लिया है. हालांकि अभी इस केस में किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है.
पूर्व सीजेआई आरएम लोढा ने पुलिस में शिकायत की कि उन्हें अपने दोस्त SC के पूर्व जज जस्टिस बीपी सिंह के ईमेल अकाउंट से एक ईमेल मिला था. जस्टिस लोढा ने बताया कि जस्टिस बीपी सिंह से अक्सर कई मुद्दों पर उनकी बातचीत होती रहती है. इस ईमेल में उन्होंने अर्जेंट मदद की मांग की थी. जस्टिस लोढा के अनुसार ईमेल में लिखा था कि बातचीत के लिए ईमेल पर ही जवाब दें, क्योंकि वह (जस्टिस बीपी सिंह) फोन पर बातचीत नहीं कर सकते हैं. जस्टिस लोढा ने ईमेल पर रिप्लाई करके मामले की जानकारी मांगी और पूरी घटना बताने के लिए कहा.
इसे भी पढ़ेंः विदेश मंत्री एस जयशंकर गुजरात से, राम विलास पासवान को बिहार से राज्यसभा भेजे जाने के कयास
जस्टिस लोढा ने एक लाख ईमेल में दिये गये बैंक अकाउंट में ट्रांसफर किये
जस्टिस बीपी सिंह के ईमेल अकाउंट से एक और ईमेल जस्टिस लोढा को मिला. इसमें लिखा था कि जस्टिस बीपी सिंह का चचेरा भाई गंभीर लिम्फोब्लास्टिक ल्यूकेमिया से जूझ रहा है. वह उसका इलाज करा रहे हैं और उन्हें पैसों की सख्त जरूरत है. इसके बाद जस्टिस लोढा को एक और ईमेल मिला, जिसमें 95 हजार से एक लाख रुपए तक सर्जन के बैंक अकाउंट में भेजने के लिए कहा गया. साथ ही, उन्हें बैंक अकाउंट की डिटेल भी भेज दी गयी.
जस्टिस लोढा ने 50-50 हजार की 2 किस्तों में एक लाख रुपए ईमेल में दिये गये बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर दिये. यह बैंक खाता दिनेश बाली के नाम पर था. संबंधित बैंक खाते में पैसे भेजने के बाद जस्टिस लोढा को ठगी का एहसास हुआ. उन्हें लगा कि उनके दोस्त का ईमेल अकाउंट किसी ने हैक कर लिया है. इसके बाद उन्होंने पुलिस से मामले की शिकायत की. मालवीय नगर थाना पुलिस ने आईपीसी की धारा 420 के तहत केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ेंः रॉबर्ट वाड्रा को इलाज के लिए यूएस और नीदरलैंड जाने की अनुमति मिली




