New Delhi: लद्दाख बॉर्डर पर भारत और चीन के बीच सीमा पर तनाव जारी है. पिछले दिनों चीन ने फिर से भारतीय इलाके में घुसपैठ की कोशिश की, जिसे सेना ने विफल कर दिया. एलएसी पर बढ़े तनाव के बीच दोनों ओर से भारी संख्या में सैनिकों की तैनाती भी की गयी है.
तीन दिनों में तीन बार घुसपैठ की नाकाम कोशिश
एक ओर चीन सीमा विवाद सुलझाने के लिए बातचीत का राग अलाप रहा है. वही दूसरी ओर एलएसी पर घुसपैठ की हिमाकत भी कर रहा है. चीन का दोहरा चेहरा एकबार फिर सामने आया है. खबर है कि तीन दिनों में चीन ने तीन अलग-अलग इलाके में घुसपैठ की कोशिश की. लेकिन भारतीय सैनिकों के चौकस रहने के कारण वो सफल नहीं हो पाये.
खबर है कि 29-30 अगस्त की रात की घटना के बाद 31 अगस्त को भी चीनी सैनिकों ने घुसपैठ की कोशिश की. विदेश मंत्रालय ने बताया कि चीनी सैनिकों ने 31 अगस्त को फिर उकसावे वाली कार्रवाई की. सूत्रों की मानें, तो चीन की ओर से 7-8 बड़े वाहन भारतीय सीमा की ओर आने लगे, लेकिन चेपूज़ी कैंप के पास जहां भारतीय सेना के जवान पहले से मुस्तैद से उन्हें आगे ना बढ़ने दिया. जबकि दूसरी ओर सीमा पर स्थिति सामान्य करने के लिए कमांडर चर्चा कर रहे थे.
पूर्वी लद्दाख में हालिया गतिरोध पर विदेश मंत्रालय ने कहा चीन ने उन बातों की अनदेखी की जिन पर पहले सहमति बनी थी और उकसावे वाली सैन्य कार्रवाई की. विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी कि भारतीय पक्ष ने चीन की उकसावे वाली कार्रवाई का जवाब दिया और उचित रक्षात्मक कदम उठाए. साथ ही कहा कि साल की शुरुआत से ही वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चीनी पक्ष का व्यवहार और कार्रवाई स्पष्ट रूप से द्विपक्षीय समझौतों का उल्लंघन है.




