
Ranchi: राज्य में शराब की थोक बिक्री के लिए अब तक 24 लाइसेंस जारी किए गए हैं. हालांकि पिछले दो माह से शराब की थोक बिक्री के लिए लाइसेंस जारी नहीं किया जा रहा है. इससे कई आवेदकों के आवेदन विभाग में ही पड़े हुए हैं मामला निष्पादित नहीं हो रहा है. ऐसा विभाग के उस निर्णय से हो रहा है जिसमें यह कहा गया है कि लाइसेंस जारी करने के मामले में झारखंड हाइकोर्ट में दायर याचिका में जो आदेश पारित होगा उसके बाद ही नये लाइसेंस जारी करने पर निणर्य लिया जायेगा.
इसे भी पढ़ेंः11 जिलों में CM आमंत्रण आमंत्रण फुटबॉल टूर्नामेंट के लिए 2 करोड़ की T-Shirt और जर्सी बांटेगा खेल विभाग
दरअसल, उत्पाद विभाग ने शराब थोक बिक्री के लिए अब तक जारी किए गये लाइसेंस पर स्थिति स्पष्ट की थी. विभाग ने कहा है कि झारखंड मदिरा का भंडारण एवं थोक ब्रिकी नियमावली 2021 के गठन के बाद से अब तक 24 थोक अनुज्ञप्तियां स्वीकृत की गयी हैं. कोडरमा में मदिरा के भंडारण एवं थोक ब्रिकी के लिए दो-दो अनुज्ञप्तियां स्वीकृत हैं. थोक ब्रिकी अनुज्ञप्ति आवंटन की प्रक्रिया में विभाग को अब तक 50 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हो चुका है. विभाग ने कहा था कि नियमानुसार विभाग अतिरिक्त नई अनुज्ञप्तियां की बंदोबस्ती के लिए कृतसंकल्पित है. विभाग ने कहा है कि नयी नियमावली के तहत जो आवेदन मांगे गये थे उसमें 39 आवेदन प्राप्त हुए थे. जिसकी समीक्षा उत्पाद आयुक्त के द्वारा की गयी थी. चार आवेदक के आवेदन में कुछ त्रुटियां थीं. अब कोर्ट का आदेश आने के बाद ही विभाग नये अनुज्ञप्तियों के निर्गत करने की दिशा में आगे कार्रवाई करेगा.




