Crime NewsPalamu

पलामू-लातेहार में पांच सड़क हादसे, चार की मौत, जपला-बालूमाथ में सड़क जाम

Palamu : पलामू प्रमंडल में पिछले 24 घंटे के दौरान पांच सड़क हादसे हुए, जिनमें चार की मौत हो गयी, जबकि दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है. पलामू के हुसैनाबाद और लातेहार के बालूमाथ थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना के बाद सड़क जाम कर दी गयी है. हुसैनाबाद के जपला-छतरपुर मार्ग को ग्रामीणों ने जाम कर प्रदर्शन किया, जबकि बालूमाथ में सड़क जाम कर कोयला परिवहन को ठप करा दिया गया है. दोनों मामलों में ग्रामीणों के आक्रोश को शांत करने के लिए पुलिस हस्तक्षेप कर रही है. वहीं, एनएच-98 नावाबाजार की कंडा घाटी में पिकअप और ट्रैक्टर के बीच टक्कर में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.

इसे भी पढ़ें- जेल में मारपीट करनेवाले पीएलएफआइ उग्रवादियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज

बालूमाथ में निजी सुरक्षा गार्ड की मौत

लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के अमरवाडीह पुलिस पिकेट के पास कोयला लदे ट्रक की चपेट में आने से निजी सुरक्षा गार्ड फिरागी गंझू की मौत हो गयी. इस घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने सड़क जामकर कोयला परिवहन को रोक दिया है. फिरागी बालूमाथ थाना क्षेत्र स्थित गोलीताड़ में एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में दैनिक भोगी के रूप में कार्यरत था. वह अपने तीन अन्य साथियों के साथ ड्यूटी करने जा रहा था, उसी दौरान एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी.

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय मजदूर घटनास्थल पर जमा हो गये और इस रास्ते पर जाम लगाते हुए कोयला परिवहन रोक दिया. लोगों का कहना था कि कोलियरी प्रबंधन घटनास्थल पर आये और मृतक के परिजनों को नौकरी के अलावा उचित मुआवजा तथा मृतक के बच्चों की शिक्षा की पूरी व्यवस्था करे, इसके बाद ही जाम हटाया जायेगा.

हादसे के चश्मदीद सूरज गंझू ने बताया कि कोयला लदा ट्रक एक नाबालिग चालक चला रहा था. वहीं, स्थानीय मजदूर महेंद्र गंझू ने बताया कि वे लोग प्रशासन से कोई बात नहीं करेंगे. सीसीएल के अधिकारी घटनास्थल पर आयें और सरकारी नौकरी के साथ-साथ उचित मुआवजा दें. तभी इस पथ पर कोयला का परिवहन होने दिया जायेगा.

सिकनी में दो बाइक सवार को ट्रक ने मारी टक्कर, एक की मौत

लातेहार जिले के सदर थाना क्षेत्र के सिकनी गांव के समीप बाइक में पेट्रोल भराने जा रहे दो मोटरसाइकिल सवार को विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी. इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गयी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की शिनाख्त भुसूर गांव निवासी सुनील यादव (18 वर्ष) के रूप में हुई है. जख्मी अनूप यादव को बेहतर इलाज के लिए लातेहार सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

इसे भी पढ़ें- चतरा पुलिस को हथियार तस्करों के विरुद्ध मिली सफलता, 10 केन बम, एक देसी पिस्टल बरामद

मेदिनीनगर में कंप्यूटर टीचर की मौत

मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में एक कंप्यूटर टीचर उत्तम कुमार की मौत हो गयी. 21 साल के उत्तम कुमार बारालोटा हनुमान नगर में रहते थे. वह जेलहाता मुंसफ रोड स्थित यूनिक कंप्यूटर सेंटर में पढ़ाते थे. बुधवार की सुबह सवा सात बजे वह घर से कोचिंग में पढ़ाने अपनी अपाची बाइक से निकले. इसी दौरान पांकी रोड में होंडा सर्विस सेंटर के सामने उनका एक्सीडेंट हो गया.

वाहन से धक्का लगने के बाद बाइक पेड़ से टकरायी

बताया जाता है कि किसी चारपहिया वाहन ने उत्तम कुमार की बाइक को पीछे से धक्का मारा, जिसके बाद असंतुलित होकर बाइक पेड़ से टकरा गयी. हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई. गंभीर हालत में उन्हें पास के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें एमएमसीएच रेफर कर दिया गया. इलाज के लिए हॉस्पिटल लाते वक्त रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया.

बिहार के रहनेवाले थे उत्तम

उत्तम कुमार मूलतः बिहार के गया जिले के डुमरिया स्थित बिजुआ के रहनेवाले थे. बचपन में ही पिता उदय प्रसाद के गुजर जाने के बाद उत्तम का पालन-पोषण बारालोटा में उनके मौसा के घर हुआ था. उनकी मां बिहार के गया जिले के डुमरिया के बिजुआ में रहती हैं. उत्तम इकलौते पुत्र थे. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

इसे भी पढ़ें- रामगढ़: भीषण सड़क हादसा में तीन गाड़ियां आपस में टकराई, दर्जनों घायल

जख्मी साइकिल सवार की मौत के बाद जपला में हंगामा, सड़क जाम कर प्रदर्शन

इधर, पलामू के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के जपला-देवरी मुख्य पथ स्थित देवरी कला पंचायत सचिवालय के समीप मंगलवार की शाम सड़क दुर्घटना में पूर्णाडीह गांव निवासी राहुल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये थे. उनकी इलाज के दौरान एमएमसीएच मेदिनीनगर में मौत हो गयी. गुस्साये ग्रामीणों ने जपला-छतरपुर मुख्य सड़क को जय प्रकाश चौक के समीप जाम कर दिया.

ग्रामीणों की मांग है कि मृतक के परिजनों को मुआवजा दिया जाये और कार चालक के खिलाफ कार्रवाई हो. जाम स्थल पर हुसैनाबाद पुलिस पहुंचकर जाम करनेवालों को समझाने का प्रयास कर रही है. हुसैनाबाद के बीडीओ जय बिरस लकड़ा और थाना प्रभारी अजय कुमार मामले में हस्तक्षेप कर सड़क जाम हटाने के लिए परिजनों से बात कर रहे हैं.

बता दें कि दुर्घटना के बाद मंगलवार की शाम स्थानीय लोगों ने घायल साइकल सवार 20 वर्षीय राहुल कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हुसैनाबाद पहुंचाया था. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने स्थिति को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज मेदिनीनगर रेफर कर दिया था.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जपला की ओर से एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार (जेएच 01 ईए 1163) देवरी की ओर जा रही थी. इसी क्रम में पूर्णाडीह से देवरी बाजार की ओर आ रहे साइकिल सवार राहुल कुमार कार की चपेट में आ गये. वहीं, कार असंतुलित होकर खेत में जाकर पलट गयी थी. हालांकि, इस हादसे में कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गये. पुलिस जाम स्थल पर कैंप कर रही है.

इसे भी पढ़ें- ध्वनि प्रदूषण करने वाले 34 वाहन चालकों के विरूद्ध केस दर्ज, अब न्यायालय में होगा फैसला

Related Articles

Back to top button