Khas-KhabarNational

#Jamia में तीसरी बार फायरिंगः अज्ञात बदमाशों ने यूनिवर्सिटी के बाहर की गोलीबारी, मामला दर्ज

New Delhi: दिल्ली के जामिया और शाहीन बाग इलाके में फायरिंग के कारण दहशत का माहौल है. जामिया मिल्लिया इस्लामिया में रविवार देर रात अज्ञात लोगों ने हवाई फायरिंग की और फरार हो गये.

घटना में कोई हताहत नहीं हुआ. चार दिनों में फायरिंग की यह तीसरी वारदात थी. घटना के बाद से स्टूडेंट में दहशत का माहौल है.

इसे भी पढ़ेंःपेट में दर्द की शिकायत के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती

इधर जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के बाहर रविवार रात दो बदमाशों के कथित गोलीबारी करने की घटना में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. हालांकि, पुलिस ने बताया कि अबतक की जांच में गोलियों के खोखे मौके से नहीं मिले हैं. जांच जारी है.

रविवार देर रात हुई फायरिंग

संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए बनाए गए विश्वविद्यालय के छात्रों और पूर्व छात्रों के समूह ‘जामिया समन्वय समिति’ (जेसीसी) के एक बयान के अनुसार, हमलावर लाल रंग की मोटरसाइकिल पर आए थे. बयान में कहा गया है कि एक बदमाश ने लाल रंग की जैकेट पहन रखी थी.

इस बीच, ओखला से कांग्रेस के पूर्व विधायक आसिम मोहम्मद खान ने बताया कि हालिया घटना रात करीब साढ़े 11 बजे हुई.

एक छात्र ने बताया कि, गोली की आवाज सुनकर जब वो बाहर आए तो दो लोगों को स्कूटी पर जाते देखा. उन्होंने कहा, ‘ हमने वाहन का नंबर तुरन्त लिख लिया और पुलिस को फोन किया.’

इसे भी पढ़ेंः#Delhi_Assembly_ Elections : नीतीश ने कहा, बिहार के लोग इस बार अपना वोट बर्बाद ना करें, इशारा केजरीवाल की ओर

इधर फायरिंग की खबर लगते ही जामिया की गेट पर लोगों का जुटना शुरू हो गया. इस दौरान छात्रों और स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया.

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भारतीय दंड संहिता और सशस्त्र अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत हत्या की कोशिश का एक मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है.

चार दिनों में तीसरी वारदात

जामिया नगर में इस एक ही सप्ताह में गोलीबारी की यह तीसरी घटना है. गौरतलब है कि रविवार रात की वारदात से एक दिन पहले शनिवार को  शाहीन बाग इलाके में सीएए के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन के दौरान 25 वर्षीय एक युवक ने हवा में गोली चलाई थी. उसे गिरफ्तार कर लिया गया है.

इससे पहले गत गुरुवार को एक व्यक्ति ने सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाई थी जिसमें जामिया मिल्लिया इस्लामिया का एक छात्र घायल हो गया था.

इसे भी पढ़ेंःCricket :  भारत ने फिर छीनी न्यूजीलैंड से जीत, पांच मैचों की श्रृंखला में 5-0 से क्लीन स्वीप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button