
NewDelhi : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली के अपने समकक्ष अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि कुछ लोगों की दिलचस्पी प्रचार में है. साथ ही उन्होंने दिल्ली सरकार द्वारा पिछले पांच वर्षों के दौरान किये गये कार्यों पर सवाल भी उठाया. जदयू प्रमुख नीतीश कुमार आठ फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवार एस सी एल गुप्ता के लिए चुनाव प्रचार के लिए आये हुए थे. गुप्ता दक्षिण दिल्ली के संगम विहार विधानसभा सीट से उम्मीदवार हैं.
इसे भी पढ़ें : #CAA के खिलाफ रैली में जा रहे कन्हैया कुमार के काफिले पर छपरा में पथराव, कई घायल
दिल्ली में जिन्हें जनादेश मिला, उन्होंने कुछ नहीं किया
इस क्रम में कुमार ने केजरीवाल का नाम लिये बिना कहा, कुछ लोगों की दिलचस्पी प्रचार और विज्ञापन में अधिक है. हम वह नहीं करते. उन्होंने कहा, जिन लोगों को दिल्ली में शासन का जनादेश मिला उन्होंने कुछ नहीं किया. जान लें कि भाजपा दिल्ली में विधानसभा चुनाव जदयू और लोकजनशक्ति पार्टी के साथ गठबंधन में लड़ रही है.
पटना से आने वाली बसों को दिल्ली आने की अनुमति नहीं दी गयी
नीतीश कुमार ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर होने के बावजूद बिहार ने शिक्षा, बिजली और स्वास्थ्य के क्षेत्रों तथा सड़क और परिवहन आधारभूत ढांचे के मामले में अभूतपूर्व काम किया है. नीतीश ने दिल्ली में रहने वाले बिहार के लोगों से अपील की कि वे इस बार अपना वोट बर्बाद ना करें. नीतीश ने आरोप लगाया कि पटना से आने वाली बसों को दिल्ली आने की अनुमति नहीं दी गयी है. मजबूरी में बसें गाजियाबाद तक ही आ पाती हैं.
नीतीश ने कहा कि बिहार में हम लोग हर घर नल का जल पहुंचाने का काम कर रहे हैं और यहां देख लीजिए कि बड़े बड़े मोहल्ले में पानी और सड़क नहीं है. बिहार में हम हर घर तक पक्की गली और नाली बनाने का निर्माण कर रहे हैं. बिहार की विकास दर 11.3 फीसदी है, लेकिन दिल्ली की जिम्मेदारी जिन्हें मिली उन्होंने कुछ नहीं किया.
इसे भी पढ़ें : Ranchi : झारखंड में मानव तस्करी के दाग को धोना हमारी पहली प्राथमिकता : हेमंत सोरेन
भाजपा ने जदयू- एलजेपी को साथ में लिया है
जान लें कि दिल्ली के चुनावी रण में यूपी और बिहार के वोटरों को अपने पाले में करने के लिए भाजपा पुरजोर कोशिश कर रही है. 8 फरवरी को होने वाले मतदान से पहले भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने अब बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को चुनावी मैदान में उतारा है. दिल्ली में पूर्वांचल के वोटरों को रिझाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने जदयू को दो सीटें दी हैं. दिल्ली के चुनावी अखाड़े में इस बार बिहार का दंगल दिलचस्प है.
भाजपा ने जदयू को साथ में लिया है तो कांग्रेस ने आरजेडी के सहारे पूर्वांचल के वोटरों को साधने की कोशिश की है. जदयू 2 सीटों पर चुनाव लड़ रही है. बुराड़ी और संगम विहार विधानसभा सीट जदयू के पास है तो सीमापुरी सीट एलजेपी को दी गयी है.
कांग्रेस का गठबंधन आरजेडी से
कांग्रेस ने भी आरजेडी से गठबंधन किया है और चार विधानसभा सीटों बुराड़ी, किराड़ी, उत्तम नगर और पालम से आरजेडी लड़ रहा है. असल में इन चारों सीटों पर पूर्वांचली वोटर काफी तादाद में हैं. राजधानी में ऐसा पहली बार हो रहा है जब क्षेत्रीय पार्टियां इस चुनाव में प्रभावी भागीदारी दिखा रही हैं.
इसे भी पढ़ें : #Rahul_Gandhi ने पीएम मोदी का वीडियो शेयर कर ट्वीट किया, अपना जादुई व्यायाम दोहरायें, शायद अर्थव्यवस्था चल निकले




