DhanbadJharkhandLead News

धनबाद के कतरास में दो गुटों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग, एक की मौत

Dhanbad: धनबाद के कतरास का राजस्थानी धर्मशाला इलाका गुरुवार की रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा. करीब 15 राउंड गोली चली. इसमें कई आपराधिक मामलों में आरोपित नीरज तिवारी की मौत हो गई. जबकि रांची जेल में बंद शूटर अमन सिंह गैंग के राैनक गुप्ता और रोहित गुप्ता भी जख्मी हो गए.

 

इसे भी पढ़ें : ‘धर्म बदलने से इनकार करने पर छेड़खानी की, बच्चों पर जानलेवा हमला किया’

 

राजस्थानी धर्मशाला के समीप सिंह जी की चाय दुकान में बैठे चर्चित निरसा गांजाकांड के आरोपी नीरज तिवारी, अमन गैंग के रौनक गुप्ता और रोहित गुप्ता पर बाइक सवार दो अपराधियों ने गुरुवार की रात अंधाधुंध फायरिंग की. तोबड़तोड़ फायरिंग में नीरज तिवारी की मौत हो गई. घायल रौनक और रोहित का इलाज चल रहा है. फायरिंग में शूटर अमन सिंह का हाथ बताया जा रहा है. पुलिस को सूचना मिली है कि अमन गैंग के आशीष रंजन उर्फ छोटू ने अन्य हमलावरों के साथ मिल कर घटना को अंजाम दिया है. मृतक नीरज के पिता सूर्य नारायण तिवारी ने कहा कि प्लानिंग के तहत उसके बेटे की हत्या की है.

बताया जा रहा है कि तीनों सिंह जी की चाय दुकान पर सिगरेट पीने पहुंचे थे. इसी बीच रात करीब आठ बजे बाइक पर सवार होकर दो हमलावर मौके पर पहुंचे और ताबड़तोड़ 15-20 राउंड फायरिंग कर भाग गए. हमलावरों ने नीरज तिवारी को टारगेट कर फायरिंग की. गोलीबारी में साथ में खड़े नीरज तिवारी के पुराने मित्र व हाल के दिनों में अमन सिंह गैंग के लिए काम कर रहे रौनक गुप्ता और रोहित गुप्ता को भी गोली लगी. दोनों के हाथ और पांव में गोली लगी है. रौनक गुप्ता का इलाज असर्फी अस्पताल में चल रहा है जबकि रोहित गुप्ता के हाथ में गोली लगी है और निचितपुर नर्सिंग होम में ही डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं. घटनास्थल से पुलिस ने छह खोखा बरामद किए हैं. गोली लगने के बाद नीरज तिवारी को गंभीर हालत में असर्फी अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना पाकर घटनास्थल पर कतरास पुलिस पहुंची जबकि बाघमारा एसडीपीओ निशा मुर्मू और एएसपी लॉ एंड आर्डर मनोज स्वर्गियारी असर्फी अस्पताल पहुंचे. बाद में कतरास थाना प्रभारी रास बिहारी लाल और धनबाद इंस्पेक्टर विनय कुमार भी असर्फी अस्पताल पहुंचे.

पुलिस के समक्ष घटना की जानकारी देते हुए घायल रोहित गुप्ता ने बताया कि तीनों ने पहले बस स्टैंड में साथ में शराब पार्टी की. आधा घंटा पहले ही नीरज तिवारी काको से वहां पहुंचा था. शराब पीने के बाद वे लोग चाय दुकान में सिगरेट पीने पहुंचे थे. इसी दौरान एक बाइक पर बैठे दो अपराधी वहां आ धमके. दोनों अचानक नीरज तिवारी को गाली-गलौज करने लगे. जब तक वे लोग कुछ समझ पाते अपराधी गोली चलाने लगे. नीरज तिवारी और रौनक गुप्ता बैठे हुए थे जबकि वह खड़ा था. गोली चलने के दौरान वह भागने लगा, जिससे उसके हाथ में गोली लगी. बाइक सवार अपराधी सब्जी पट्टी की तरफ से आए और फायरिंग के बाद कतरास-राजगंज रोड की तरफ भाग गए. वहीं धनबाद एसएसपी संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. जल्द अपराधी पकड़े जाएंगे.

Related Articles

Back to top button