
Ranchi : गुरुवार को कांग्रेस के राजभवन प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री आदित्य साहू ने कड़ी आपत्ति जतायी है. उन्होंने कहा कि झारखंड में सैंया भये कोतवाल तो डर काहे का.. वाली कहावत चरितार्थ साबित हो रही है. कांग्रेस झामुमो की सरकार अपने ही बनाये नियमों को तोड़ने पर उतारू है.
इसका खुला उल्लंघन कांग्रेस ने राजभवन मार्च के दौरान किया. इस दौरान कांग्रेस के नेताओं ने कोविड नियमों का जम कर उलंघन किया.
साथ ही राजभवन के पास धरना प्रदर्शन पर रोक होने के बावजूद राजभवन के समक्ष पहुंच कर प्रदर्शन किया. कांग्रेसी नेताओं ने घंटों तक राजभवन के समक्ष प्रदर्शन किया किन्तु प्रशासन इस दौरान मूकदर्शक बना रहा.
इसे भी पढ़ें :‘#jssc_नियमावली में सुधार_करो’ हैशटैग के साथ बेरोजगार कर रहे विरोध
सत्ता की आड़ में धांधली
आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस का मोटो ही रहा है सत्ता की आड़ में आकर धांधली करना. सरकार के बनाये नियमों का उलंघन करना भी इसमें शामिल रहा है. कांग्रेस द्वारा नियमों के उल्लंघन पर एफआइआर दर्ज किया जाना चाहिए.
चुनाव पूर्व किये गये वादों को पूरा करना चाहिए था किंतु कांग्रेस झारखंड की जनता को गुमराह कर रही है. राज्य की जनता त्राहिमाम है और कांग्रेस ड्रामेबाजी कर रही है.
युवाओं को 5 लाख रोजगार, बेरोजगारी भत्ता, महिलाओं के साथ शोषण, किसानों के साथ धोखा पर कांग्रेस को मुंह खोलना चाहिए था. चुनाव पूर्व किये गये बड़े बड़े वादे को पूरा करना चाहिए था. राज्य में विकास का पहिया थम गया है.
कांग्रेस के विधायक भी इस बात को स्वीकार कर रहे हैं कि विकास कार्य नहीं हो रहा है. इसके बावजूद कांग्रेस मुद्दों की बात करने के इतर दिखावे में लगी हुई है.
इसे भी पढ़ें :आजसू पार्टी ने सरकार पर लगाया वादाखिलाफी और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का आरोप, लगातार चलायेगी आंदोलन




