
Palamu : बेरोजगारी के आलम में नौकरी के लिए युवा परेशान हैं और ठगों के जाल में फंसकर परेशान हो रहे हैं. साथ ही मेहनत से जमा की गयी राशि नौकरी लेने के दौरान फंस जा रही है.
पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के सुल्तानी से कुछ इसी तरह का मामला सामने आया है. यहां अपने मामा जागेन्द्र सिंह के घर रहकर पढ़ायी कर रहे बिहार के गया जिले के आमस थाना क्षेत्र के चिलमी निवासी राहुल सिंह के साथ स्टील अथॉरिटी इंडिया लिमिटेड (सेल) में नौकरी दिलाने के नाम पर 4 लाख 40 हजार रूपये की ठगी की गयी है.
साथ ही उसे फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया गया है. मामले में बिहार के शेरघाटी न्यायालय में मामला दर्ज कराने के बाद युवक द्वारा हरिहरगंज थाना में भी प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है.
इसे भी पढ़ें :रोहिंग्या घुसपैठियों को कैसे लगेगा टीका, महेश पोद्दार ने उठाया सवाल
राहुल ने कहा है कि नौकरी के संबंध में सुल्तानी के यशवंत सिंह से संपर्क में आया. यशवंत ने उसका परिचय पटना के दानापुर निवासी आदित्य सिंह से कराया.
बोकोरो सेल में फोर्थ ग्रेड की नौकरी के लिए उसने 4 लाख 40 हजार रूपये आदित्य सिंह के बैंक खाते में जमा कराए. इसके बाद उसे 17 दिसम्बर 2019 को एक ज्वाइनिंग लेटर दिया गया.
जब वह लेटर के अनुसार बोकारो सेल पहुंचा और नौकरी की बात की तो उसे बताया गया कि उसके नाम से किसी युवक को नौकरी नहीं दी गयी है. उसकी बहाली फर्जी है.
इसे भी पढ़ें :पटना के NMCH में 2 महीने बाद शुरू हुई OPD सेवा, 18 जून से मरीजों का होगा इलाज
इससे राहुल परेशान हो गया और शेरघाटी न्यायालय में मामला दर्ज कराया. मामला दर्ज होने के बाद उसे 1 लाख 60 हजार रूपये दिए गए हैं, जबकि शेष रूपये के लिए उसे परेशान किया जा रहा है. वह पिछले दो वर्ष से परेशान है और लगातार न्याय की गुहार लगा रहा है.
हरिहरगंज के थाना प्रभारी ने बताया कि इस संबंध में सुल्तानी के यशवंत कुमार और पटना के दानापुर निवासी आदित्य सिंह के खिलाफ नौकरी के नाम पर ठगी करने का आरोप लगाकर एफआईआर दर्ज करने के लिए आवेदन दिया गया है. चूकि पैसा आदित्य सिंह के खाते में गया है, इसलिए पुलिस उसे मुख्य आरोपी मानकर छानबीन करेगी.
इसे भी पढ़ें :झारखंड के बॉर्डर एरिया में मास टेस्ट ड्राइव, 22 जून को 1,20,000 लोगों का होगा रैपिड एंटीजेन टेस्ट




