
Ranchi : राज्य में शुरू हुए भाषाई विवाद पर शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने कहा है कि राज्य में भाषाई और सांस्कृतिक लड़ाई चल रही है. इस मसले पर वे स्थानीय और मूलवासियों के साथ हैं. बोकारो, धनबाद में जो विरोध शुरू हुआ है, वह जायज ही है. सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि कोयलांचल इलाके के भाजपाई विधायकों को भी जनता की बात समझनी चाहिए. भाजपा विधायक अमर बाउरी, राज सिन्हा, ढुल्लू महतो को भी सामने आना होगा. जनता की मांग क्या है, इसे जानना होगा. विधानसभा के शीतकालीन सत्र में भाजपा, आजसू पार्टी के लोग झारखंड में भोजपुरी को शामिल करने की मांग करते रहे थे. विधानसभा में बैठ गये थे. अब सरकार जिले स्तर से भी भोजपुरी जैसी भाषाओं को हटायेगी. सरकार अब उस दिशा में भी काम कर रही है. कॉन्फ्रेंस में पूर्व मंत्री और विधायक मथुरा प्रसाद महतो, पूर्व विधायक योगेंद्र प्रसाद भी उपस्थित थे. इससे पूर्व सभी ने सीएम हेमंत सोरेन से भेंट कर धनबाद, बोकारो में शुरू हुए भाषाई विवाद के बारे में बताया था.
इसे भी पढ़ें – भाषाई विवाद के नाम पर दोमुंही राजनीति करने में लगी राज्य सरकारः रवींद्र राय
भाजपाइयों के पेट में दर्द
जगरनाथ महतो ने कहा कि वे जनता से अपील करते हैं कि सरकार पर भरोसा रखें. सरकार उनकी भावनाओं के अनुरूप काम करेगी. हालांकि यह भी सही है कि 30 जनवरी को भाजपा नेता रवींद्र राय के साथ जो हुआ, वो दुखद है. यह भाजपा का ही बुना हुआ कांटा है जो गड़ रहा है. ऐसा कोई काम नहीं होना चाहिए जिससे जनता की भी दुर्गत हो और सरकार को भी परेशानी हो. झामुमो की लड़ाई धनबाद से ही शुरू हुई थी. यहीं एक बार फिर अंजाम भी मिलेगा.
जगरनाथ महतो ने अखबारों में छपी एक खबर का जिक्र करते कहा कि अभी भाजपा नेताओं के पेट में दर्द हो रहा है. वास्तव में ये सभी भोजपुरी, मगही को लागू करना चाहते हैं. झामुमो सदन में पक्ष में रहे या विपक्ष में, एक ही बात पर अडिग रहता है. अखबारों में खबर छप रही है कि बिहार निवासी ही बनेंगे राज्य के प्रारंभिक स्कूलों में शिक्षक. ऐसे में हम यहां कुछ करना चाह रहे हैं तो क्यों हल्ला हो रहा. जब यह राज्य बिहार में था तो 1932 के आधार पर ही खतियान, स्थानीयता बनता था. यह राज्य लड़कर मिला है. कोई मेहरबानी से नहीं. अगर बिहार की तरह यहां के ही लोगों को नौकरी दिये जाने की बात है हल्ला किया जा रहा.
सरकार करे पुनर्विचारः योगेंद्र
मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर द्वारा सरकार को भोजपुरी, मगही के समर्थन में लिखे गये पत्र पर योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि यह विषय उनके लिए व्यक्तिगत बात हो सकती है. जहां तक धनबाद, बोकारो में भोजपुरी बोले जानेवालों की बात है तो वे वहां अतिक्रमणकारी हैं. किराये पर रहते हैं. मूल निवासी अब भी स्थानीय भाषा बोलते हैं. सीएम को धनबाद, बोकारो में शुरू हुए आक्रोश के बारे में जानकारी दे दी गयी है. उनसे इस विषय पर पुनर्विचार को कहा गया है.
इसे भी पढ़ें – कांग्रेस प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहने की दी नसीहत



