
Ranchi: स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने रिम्स में नेफ्रोलॉजी ओपीडी का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार की यह कोशिश होगी कि राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में जल्द से जल्द डायलिसिस की सुविधा मिल सके.
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि रिम्स में नेफ्रोलॉजी की शुरुआत रिम्स में डायलिसिस व्यवस्था को मजबूत करने में कारगर साबित होगा.
उन्होंने रिम्स में नेफ्रोलॉजी विभाग शुरू होने के लिए रिम्स निदेशक और अधीक्षक समेत उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि सरकार की यह कोशिश है कि गरीब मरीजों को अधिक से अधिक सुविधा मिल सके. उनकी परेशानी कम हो सके.
सरकार का रुख सकारात्मक
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार लैब टेक्निशयन और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की समस्याओं के समाधान को लेकर सकारात्मक रूख के साथ प्रयासरत है और पॉजिटिव रिजल्ट की ओर आगे बढ़ा जा रहा है.
साथ ही कहा कि राज्य सरकार रिम्स में डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है. ताकि, गरीबों को अपने खर्च पर बाहर में डायलिसिस न कराना पड़े.
रिम्स में सुविधा उपलब्ध हो जाने के बाद राज्य के मरीजों को कम से कम खर्च पर यह सुविधा मिल पायेगी. इसके अलावा मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना, आयुष्मान भारत योजना और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य लाभ योजना के मरीजों को मिले इसका ध्यान सरकार रख रही है.
कोरोना से डरने की जरूरत नहीं
कोरोना वायरस के संबंध में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने एक बार फिर दोहराया कि इससे डरने की जरुरत नहीं है बल्कि लड़ने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमित मरीजों के साथ अपराधी की तरह व्यवहार नहीं होना चाहिए.
इस मौके पर रिम्स के निदेशक डॉ डी के सिंह, रिम्स अधीक्षक डॉ विवेक कश्यप, नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ प्रज्ञा पंत घोष समेत अन्य वरीय अधिकारी और चिकित्सक उपस्थित थे.




