
New Delhi: कोरोना संक्रमण के दैनिक मामलों सोमवार को कमी आई है. हालांकि, इस दिन भी तीन लाख से अधिक मामले मिले हैं, मगर खास बात यह है कि पिछले दिनों मामले बढ़ते हुए दिखे थे. सोमवार को पिछले कई दिनों की तुलना में कम दिखे. सोमवार को देश में 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 3,13,777 नए मामले सामने आए हैं और 2,638 लोगों की मौत हो चुकी है.
पहली नजर में सकारात्मक संकेत माना जा रहा है, लेकिन सकारात्मक तभी साबित होगा जब अगले दो से तीन दिनों तक मामलों की संख्या में कमी आयेगी. अब देश में कुल मामले 1,76,20,194 हो गए हैं और मरने वालों की सख्या 1,97,756 तक पहुंच गई है. इधर, सक्रिय मरीजों की संख्या करीब 29 लाख तक पहुंच गई है.
तथ्यों पर गौर करें तो देश में 16 सितंबर को 50 लाख और 19 दिसंबर को एक करोड़ पीड़ितों का आंकड़ा पार हुआ, जबकि 19 अप्रैल को संक्रमण के मामलों की संख्या 1.50 करोड़ के पार हुई. इसके बाद से मरीजों की संख्या लगातार उफान पर है. अप्रैल माह में ही 24 घंटे में मिलने वाले मरीजों की संख्या लाख के पार पहुंची, फिलहाल स्थिति यह है कि 24 घंटे में तीन लाख से अधिक मरीज मिल रहे हैं.
सर्वाधिक मौतें महाराष्ट्र में हो रही है. इसके बाद दिल्ली है. 24 घंटे में हुई मौत का आंकड़ा देखें तो महाराष्ट्र में 524, दिल्ली में 380, उत्तर प्रदेश में 249, छत्तीसगढ़ में 226 लोगों की मौतें हुईं हैं.




