
Ranchi : रांची विश्वविद्यालय के बरियातु हाउसिंग कॉलोनी के स्टाफ क्वार्टर से अवैध कब्जा हटाया जायेगा. सुप्रीम कोर्ट के हालिया निर्णय को देखते हुये बुधवार को कुलपति डॉ कामिनी कुमार की अध्यक्षता में आपात बैठक बुलायी गई जिसमें सेवानिवृति के बाद भी बिना हाउसिंग रेंट दिये स्टाफ क्वार्टर पर कब्जा जमाये लोगों को हटाने का आदेश दिया गया. अतिरिक्त निर्माण को तोड़ा जायेगा.
एक स्वर में सिंडिकेट सदस्यों ने निर्णय पर मुहर लगायी. यही नहीं पूर्व में रांची कॉलेज अब डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में कार्यरत कर्मियों को भी कुलसचिव के माध्यम से नोटिस भेजा जायेगा. 15 दिनों में अवैध कब्जा खाली कराने का निर्णय लिया गया है. हाल में सेवा निवृत हुये कर्मी भी राज्य सरकार के नियमों के तहत ही निर्धारित अवधि तक क्वार्टर में रह सकेंगे उससे ज्यादा अवधि के लिए पैनल रेंट देना होगा.
बैठक में उपरजिस्ट्रार डॉ प्रीतम कुमार, सीसीडीसी डॉ राजेश कुमार, डॉ के सी प्रसाद, डॉ ज्योति कुमार, छात्र संकायाध्यक्ष डॉ राज कुमार शर्मा, कुलानुशासक डॉ त्रिवेणी नाथ साहु, डॉ हरि उरांव, डॉ मनोज कुमार, डॉ हीरा नंदन प्रसाद, डॉ बीपी वर्मा, डॉ विनायक लाल, डॉ दिनेश कुमार आदि उपस्थित थे.
चिकित्सा भत्ता को लेकर वीसी को ज्ञापन
शिक्षिकों के चिकित्सा भत्ता सहित अन्य मांगों को लेकर बुधवार को जेएन कॉलेज धुर्वा के प्रोफेसर इंचार्ज डॉ एसके झा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल कुलपति डॉ कामिनी कुमार से मुलाकात की. कुलपति प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि सितंबर के प्रथम सप्ताह में चिकित्सा भत्ता को लेकर नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया. सितंबर से बढ़ा हुआ वेतन मिलेगा. प्रतिनिधियों में डॉ हरिओम पांडेय, डॉ राज कुमार आदि शामिल थे.




