
Ranchi: सीएमएस कंपनी की ओर से दो कस्टोडियन (कर्मचारियों) के विरुद्ध डोरंडा थाना में गबन की प्राथमिकी 26 अगस्त को दर्ज कराई गई है. सीएमएस कंपनी के ऑपरेशन मैनेजर सन्नी कुमार की ओर से धुर्वा निवासी नवीन गौतम और मृत्युंजय कुमार मिश्रा के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है. बताया गया है कि वे कंपनी के रूट संख्या आठ के लिए कस्टोडियन नियुक्ति किए गए थे. दोनों कस्टोडियन की जिम्मेदारी थी कि वे विभिन्न बैंकों का नगदी पैसा रूट आठ के एटीएम में लोड करेंगे. लेकिन दोनों कस्टोडियन ने साजिश के तहत कंपनी को धोखा देते हुए विभिन्न बैंकों का करीब एक करोड़ 45 लाख 44 हजार रुपए नगद का गबन कर लिया. इसका खुलासा 24 अगस्त को तब हुआ जब कंपनी की इंटरनल ऑडिट की गई. इसके बाद दोनों के विरुद्ध डोरंडा थाना में भादवि की धारा 409, 420, 120 बी और 34 के तहत मामला दर्ज कराया गया है.
इसे भी पढ़ेंःलालू के बड़े बेटे तेजप्रताप को आया कपिल शर्मा शो से बुलावा, बोले- टिकट मिलते ही चले जाएंगे
पुलिस को जानकारी मिली है कि कंपनी द्वारा गबन की प्राथमिकी कराने के बाद एक आरोपी नवीन गौतम फरार हो गया है. इधर पुलिस दोनों आरोपियों पर लगे आरोपों की जांच कर रही है कि उनपर लगे गबन का आरोप सही है या नहीं. बताया गया है कि गबन की राशि अलग-अलग बैंकों के हैं.




