
Patna: राष्ट्रीय जनता दल में बवंडर खड़ा करने वाले लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप अब कपिल शर्मा शो में हंसी के ठहाके लगाते नजर आ सकते हैं. इस बात का खुलासा आरजेडी विधायक तेजप्रताप यादव ने खुद किया है.
इसे भी पढ़ें : टोक्यो पैरालिंपिक में भारत का खाता खुला, भाविना ने रजत पदक हासिल कर देशवासियों को राष्ट्रीय खेल दिवस पर दिया तोहफा
शनिवार को राष्ट्रीय जनता दल के कार्यालय से रवाना होने के पहले मीडिया कर्मियों से बात करते हुए तेज प्रताप यादव ने कहा कि उन्हें कपिल शर्मा के शो में शामिल होने के लिए आमंत्रण मिला है. तेज प्रताप यादव ने कहा कि वह टिकट का इंतजार कर रहे हैं. टिकट मिलते ही शो में हिस्सा लेने वो निकल जाएंगे. वहीं करीबी मित्र आकाश यादव के लोक जनशक्ति पार्टी में शामिल होने के सवाल पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि अगर संगठन में किसी की बेइज्जती होगी तो वह पार्टी में क्यों रहेगा. तेज प्रताप यादव ने कहा कि संगठन के अंदर और सोशल मीडिया पर आकाश यादव के विषय में क्या नहीं लिखा गया.
दिल्ली में पिता लालू प्रसाद से मिलने के बाद तेजप्रताप पटना लौटे और राजद कार्यालय भी पहुंचे. आरजेडी के प्रदेश कार्यालय में तेज प्रताप यादव और जगदानंद सिंह दोनों मौजूद थे. लेकिन एक ही पार्टी के दोनों नेताओं की एक छत के नीचे रहने के बावजूद मुलाकात नहीं हुई. जब तेज प्रताप यादव से यह सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि भतीजा समझ कर मुझसे मिलने आना चाहिए था जगदानंद सिंह चाचा को. गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव के पार्टी कार्यालय पहुंचने के बाद जगदानंद सिंह का गुस्सा चरम पर पहुंच चुका था. मीडिया कर्मियों ने जब कक्ष से बाहर निकल रहे जगदानंद सिंह से बात करने की कोशिश तो वह बुरी तरह मीडिया पर झल्ला उठे. आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष ने यहां तक कहा कि कल से बिना इजाजत मीडिया कर्मियों का आरजेडी दफ्तर में प्रवेश बंद करा दिया जाएगा.
तेजप्रताप यादव इससे पहले फिल्मों में काम करने की दिलचस्पी भी दिखाई थी लेकिन बात आगे नहीं बढ़ पाई. तेजप्रताप यादव किसी कॉमेडी शो में पहली बार हिस्सा लेंगे.




