
Ranchi: कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड आम सभा की बैठक और चुनाव रविवार को बोकारो के न्यू कल्याण मंडप में संपन्न हुई. चुनाव अधिकारी अवकाश प्राप्त जिला न्यायधीश सुशील कुमार झा, सहायक चुनाव अधिकारी अवकाश प्राप्त जज विजय बहादुर सिंह और अधिवक्ता शाह मोहम्मद, झारखंड ओलंपिक संघ के पर्यवेक्षक शिवेंद्र नाथ दुबे (कोषाध्यक्ष झारखंड ओलंपिक संघ) की देखरेख में चुनाव संपन्न हुआ.
चुनाव में संघ की जिम्मेवारी पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ियों के कंधों पर सौंपी गई है. अध्यक्ष पद पर राष्ट्रीय खिलाड़ी गोपाल कुमार ठाकुर जबकि सचिव पद पर राष्ट्रीय खिलाड़ी मुकेश कुमार सिंह चुने गए हैं. कोषाध्यक्ष पद पर राष्ट्रीय खिलाड़ी राखी कुमारी को चुना गया. इसके साथ ही संघ के पूर्व अध्यक्ष राजीव रंजन मिश्रा और सचिव विपिन कुमार सिंह मागर्दशक के रूप में जुड़े रहेंगे.
नवनिर्वाचित अध्यक्ष गोपाल कुमार ठाकुर ने कहा कि कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड ने जो जिम्मेवारी उन्हें सौंपी है, उसका ईमानदारी पूर्वक निर्वहन करने का प्रयास वे करेंगे. झारखंड में कबड्डी का प्रचार-प्रसार काफी तेजी के साथ हो रहा है. हमारी जिम्मेवारी है इसके विकास की गति को बरकरार रखते हुए इसे और ऊंचे मुकाम पर पहुंचाया जाए. राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में झारखंड की टीम पदक जीत रही है. प्रो कबड्डी टीमों में झारखंड के खिलाड़ी जगह बना रहे हैं. इंडिया कैंप में भी झारखंड के खिलाड़ी हैं.
पूर्व सचिव ने कहा कि जिला यूनिट ने युवा पीढ़ी को जिम्मेवारी सौंपी है. अब ये लोग ही झारखंड में कबड्डी को आगे ले जायेंगे पर हम लोग इनकी निगरानी करेंगे. जिला में जो लोग कबड्डी के पुराने पदाधिकारी हैं, वे मार्गदर्शक के रूप में काम करेंगे.
नई कार्यकारिणी इस प्रकार है
- अध्यक्ष : गोपाल कुमार ठाकुर
- उपाध्यक्ष : मीरा मिश्र, धर्मेंद्र कुमार सिंह, जवाहर कुमार सिंह
- सचिव : मुकेश कुमार सिंह
- कोषाध्यक्ष : राखी कुमारी (राष्ट्रीय खिलाड़ी)
- संयुक्त सचिव : भूपेंद्र सिंह, शंकर चौधरी
- कार्यकारिणी सदस्य : प्रकाशित मिंज, आशा कुमारी, उपेंद्र कुमार, रवि ठाकुर, निर्भय कुमार (सभी राष्ट्रीय खिलाड़ी).




