
Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के मुख्य चुनाव पदाधिकारी व संस्थापक विकास चंद्र मिश्रा ने विगत 19 सितंबर को संपन्न हुए सत्र 2021- 23 के चुनाव को रद्द करने की घोषणा की है. एक बयान जारी कर मिश्रा ने कहा है कि चुनाव पदाधिकारी पुरुषोत्तम गोराई के समक्ष वह 2021- 23 के लिए पश्चिमी सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स इंडस्ट्री के 19 सितंबर को स्थानीय रवींद्र भवन में हुए चुनाव को रद्द करते हैं. चुनाव की अगली तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी. उन्होंने चुनाव रद्द करने का मुख्य कारण चैंबर के संविधान, चैंबर और व्यवसायियों की रक्षा को बताया है.
विकास चंद्र मिश्रा ने कहा है कि इस चुनाव में मतदान के नियमों का उल्लंघन किया गया. अनधिकृत मतदाताओं को भी मत पत्र दे दिया गया. मतदान में गड़बड़ी की काफी शिकायत मिली है. इसके बाद यह निर्णय लिया जा रहा है. उन्होंने कहा है कि एक अच्छे चैंबर का बने रहना संस्थापक की जिम्मेदारी है. कोई भी सदस्य व्यवसायी आकर हमसे जानकारी ले सकते हैं, उन्हें पूरी तरह से संतुष्ट किया जाएगा. उन्होंने रहा है कि अब संस्था का वित्तीय ऑडिट कराया जाएगा. जो मतदान देने की पात्रता रखते हैं, उन्हें ही मतदान करने का अधिकार दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि चुनाव में गड़बड़ी के लिए जो लोग भी दोषी होंगे, उनकी जिम्मेदारी तय की जायेगी.
इसे भी पढ़ें – Ranchi: पंद्रह मंजिली इमारत से गिरकर जेवियर्स कॉलेज की छात्रा की मौत




