
Ranchi: मनरेगा घोटाले के मामले में ईडी ने कार्रवाई करते हुए अभियंता शशि प्रकाश और जय किशोर चौधरी की 22.47 लाख की संपत्ति जब्त किया है. चार अलग-अलग अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से ईडी ने जब्त किया है. इस मामले में अबतक कुल 106.86 करोड़ की संपत्ति जब्त की जा चुकी है. मनरेगा घोटाला मामले में ईडी ने ईसीआईआर 03/2018 दर्ज किया था.
मनरेगा घोटाला में पूजा सिंघल समेत सात लोगों के खिलाफ ईडी चार्जशीट कर चुकी है. इनमें पूजा सिंघल के अलावा उनके पति अभिषेक झा, सीए सुमन सिंह, खूंटी जिला परिषद के तत्कालीन कार्यपालक अभियंता जय किशोर चौधरी, खूंटी विशेष प्रमंडल के तत्कालीन कार्यपालक अभियंता शशि प्रकाश, तत्कालीन सहायक अभियंता राजेंद्र जैन व तत्कालीन कनीय अभियंता राम विनोद सिन्हा के नाम शामिल हैं. चार्जशीट में जांच एजेंसी द्वारा यह कहा गया था कि चतरा, खूंटी व पलामू जिला की डीसी रहते हुए पूजा सिंघल के खाते में इनके वेतन की राशि से 1.43 करोड़ रुपये ज्यादा थे.
जमीन फर्जीवाड़े मामले में छापेमारी में 1.25 करोड़ नगदी और कई बैंक खाते फ्रिज
जमीन फर्जीवाड़े की जांच कर रही ईडी पीएमएलए के प्रावधानों के तहत जांच की जा रही भूमि घोटाले में तलाशी ली है. भानु प्रताप प्रसाद और अन्य के मामले में प्रिया रंजन सहाय, इरशाद अख्तर, अंतु तिर्की और बिपिन सिंह नामक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा, अफसर अली नाम के एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है और उसे प्रोडक्शन वारंट के आधार पर विशेष पीएमएलए कोर्ट में पेश करने के बाद हिरासत में ले लिया गया है. पीएमएलए कोर्ट ने 22 अप्रैल तक ईडी की हिरासत में भेज दिया है. इस मामले में, एक अन्य आरोपी मोहम्मद सद्दाम हुसैन पहले से ही ईडी की हिरासत में है. ईडी को तलाशी के परिणामस्वरूप 1.25 करोड़ रुपये नकदी, वहीं अलग-अलग बैंक खातों में जमा 3.56 करोड़ रुपये को फ्रिज किया गया है.




