
Ranchi: दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना में पदस्थापित एएसआइ इंद्रजीत सिंह की आकस्मिक मौत हो गयी है. एएसआइ इंद्रजीत सिंह शिकारीपाड़ा थाने में लगभग 6 माह पूर्व से पदस्थापित थे.
विश्वस्त सूत्रों के अनुसार एएसआइ इंद्रजीत सिंह ने 2-3 दिन पूर्व स्वास्थ्य खराब होने पर दवा ली थी. शनिवार रात को अपने क्वार्टर में सोए हुए थे एवं सुबह- सुबह वह अपने क्वार्टर से नित्यक्रम के लिए बाहर भी निकले थे और उसके बाद वह पुनः अपने क्वार्टर में चले गए.
बहुत देर तक जब वह बाहर नहीं आए तो सहयोगियों ने जाकर देखा तो उन्हें अपने क्वार्टर के बेड पर मृत पाया.
इसे भी पढ़ेंः राज्य में एक साल में घट गये टीबी के 11 हजार मरीज, अब एक्टिव केस की पहचान के लिए चलेगा अभियान
घटना की सूचना वरीय पदाधिकारी को मिलते ही दुमका से पुलिस अधीक्षक अंबर लकड़ा एवं एसडीपीओ नूर मुस्तफा तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी शिकारीपाड़ा संजीव कुमार मौके पर पहुंचे और थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर संजय सुमन एवं अन्य थाना कर्मियों से जानकारी ली.
बताते चलें कि एएसआइ इंद्रजीत सिंह काफी मिलनसार स्वभाव के थे. उनका पैतृक निवास स्थान साहिबगंज जिले के बरहरवा में है. इंद्रजीत सिंह अपने पीछे पत्नी एवं तीन बच्चियों का भरा पूरा परिवार छोड़ गये हैं.
उनके इस तरह अचानक मौत हो जाने से थाना कर्मी सकते में हैं. इंद्रजीत सिंह के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए दुमका सदर अस्पताल भेज दिया गया है एवं मामले की छानबीन की जा रही है.
इसे भी पढ़ेंः पढ़ाई के तनाव में डीपीएस के दसवीं के छात्र ने फांसी लगाकर दी जान




