
Ranchi : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दो मार्च को रांची दौरे पर आ रहे हैं. दौरे को लेकर जहां कांग्रेस अपनी पूरी तैयारी में है. तो ऐसे में राजनीतिक बयानबाजी का बाजार भी बहुत गर्म है. राहुल के रांची दौरे को लेकर मुख्यमंत्री रघुवर दास द्वारा दिये गये आईसीयू वाले बयान पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा है कि सीएम का अनाप-शनाप बयान अधिकतर शाम के वक्त ही आता है. अजय कुमार यही नहीं रूके, इससे आगे उन्होंने कहा कि शाम के वक्त सीएम की मानसिक दशा क्या होती है, वह प्रदेश की जनता जानती है. साथ ही कहा कि, उस वक्त उन्होंने किस पदार्थ का सेवन किया था, उसपर वे कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते हैं. हालांकि कांग्रेस उऩ्हें यह नसीहत जरूर देगी कि कांग्रेस से ज्यादा मुख्यमंत्री को अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देना चाहिए. वे जिस पदार्थ का काफी सेवन करते हैं, अगर यही स्थिति बनी रही, तो कांग्रेस को नहीं बल्कि उन्हें आईसीयू जाना पड़ेगा. प्रदेश अध्यक्ष ने यह बातें पाकिस्तान सेना द्वारा गिरफ्तार किए गए विंग कमांडर कैप्टन अभिनंदन की सकुशल रिहाई के लिए प्रार्थना सह मौन धारण कार्यक्रम के दौरान कही. रांची महानगर कांग्रेस द्वारा यह कार्यक्रम मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में आयोजित की गयी थी.
सीएम ने कांग्रेस अध्यक्ष के दौरे पर दिया था बयान
मालूम हो कि बुधवार को प्रोजेक्ट भवन में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा था कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश में आईसीयू में जा चुकी है. एक लोकतांत्रिक देश होने के नाते सारे भारतीयों को यह अधिकार है कि वे जहां चाहे वह जा सकते हैं. लेकिन कांग्रेस के शाहबजादे जिस परिस्थिति में रांची आ रहे हैं, वैसे में देखना होगा कि आईसीयू में जा चुकी कांग्रेस को वे कितना ऑक्सीजन दे पाने में सक्षम हो सकते हैं. मुख्यमंत्री के बयान पर ही प्रदेश अध्यक्ष ने यह बयान दिया है.
कांग्रेस सहित पूरे विपक्ष में दौड़ेगी बिजली
डॉ अजय ने बताया कि गिरफ्तार किए गए विंग कमांडर कैप्टन अभिनंदन की सकुशल रिहाई को लेकर कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर सभी जिला मुख्यालय में यह मौन धारण कार्यक्रम आयोजित हुई है. सरकार से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द उनकी रिहाई का प्रयास वे करें. राहुल गांधी के दौरे पर उऩ्होंने कहा कि इस दौरे से पूरी कांग्रेस पार्टी और विपक्ष में एक बिजली दौड़ने लगेगी. उसी बिजली से मुख्यमंत्री आईसीयू में चले जाएंगे. उनके आईसीयू जाने की इच्छा को कांग्रेस पार्टी 2 मार्च के सफल रैली के बाद पूरा कर देगी.
सेना के राजनीतिकरण में उतर गयी है भाजपा
इस दौरान डॉ अजय ने भाजपा पर सेना का राजनीतिकरण करने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पहले तो भाजपा किसी भी चीज पर राजनीति करती रही है. लेकिन अब वह सेना पर भी राजनीति करने लगी है. राजनीति भाषण, शहीदों के फोटो के सामने खड़ा होकर राजनीति लाभ देना, तो भाजपा के लिए जरूरी होता जा रहा है. उन्होंने कहा कि आज पूरा देश एक गंभीर स्थिति में है, उस वक्त भी चुनाव को लेकर गृह मंत्री का छत्तीसगढ़ दौरा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मेरा बूथ-सबसे मजबूत जैसे कार्यक्रम कर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संवाद करना बताता है कि केंद्र में बैठी सरकार जनता के प्रति जिम्मेदार सरकार नहीं है. अगर होती, तो मोदी सरकार सारे कार्यक्रम को खत्म कर देती.
इसे भी पढ़ें – 11.8 लाख वनवासियों और आदिवासियों को राहत, बेदखल करने के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाई
इसे भी पढ़ें – 28 फरवरी बीता, इस्तीफे की पेशकश करनेवाले मंत्री सरयू राय 01 मार्च को 12 बजे राज्यपाल से मिलेंगे




